उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर जिले में बुधवार देर शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। उदयपुर जिले में सड़क दुर्घटना में 5 लोगों की मृत्यु और 16 लोग घायल हुए हैं। उदयपुर झाड़ोल मार्ग पर नंदेश्वर के पास सगाई समारोह से लौटते समय तेज रफ्तार ओवरलोड पिकअप अनियंत्रित होकर 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 3 बच्चों समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। इसमें 4 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है।
हादसा बुधवार रात करीब 8 बजे हुआ। कालीवास से सगाई कार्यक्रम कर एक ही गांव के सभी लोग पिकअप में सवार होकर खरपीणा गांव लौट रहे थे। नांदेश्वर तालाब के निकट चालक स्टेयरिंग से नियंत्रण खो बैठा और पिक-अप अनियंत्रित होकर 30 फीट खाई में जा गिरी। हादसे में पांच की मौत हो गई।
SP मनोज कुमार ने कहा,"एक समारोह से लौटते समय यह हादसा हुआ।सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। हादसे में 5 लोगों की मृत्यु हुई है और 13 लोग घायल हैं।घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
हादसे का शिकार हुए सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी अपने रिश्तेदारों के साथ सगाई समारोह में शामिल होने के लिए पिकअप गाड़ी से खरपीना गांव से कालीवास गए थे। वहां से बुधवार रात को घर लौट रहे थे। तभी नंदेश्वर मंदिर से ठीक पहले सड़क पर खड़े कुछ लोगों को चपेट में लेने के बाद पिकअप अनियंत्रित हो गई और 30 फीट गहरी खाई में गिर गई।
बताया जा रहा ह?? कि एक मासूम बच्चा पिकअप गाड़ी के ऊपर बैठा हुआ था। हादसे में वह उछलकर करीब 40 फीट दूर गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आला अधिकारियों को सूचना देने के साथ ही खाई में गिरे लोगों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला और नई गांव के अस्पताल पहुंचाया।
इनकी हुई मौत
हादसे में जोयल मीणा (10), दुर्गेश मीणा (10), गौतम मीणा (10), चोखा मीणा (35) व भैरा मीणा (45) की मौत हो गई।
ये है घायल
घायलों में मंजू (15), भभूता (30), कड़वा (45), किशन (32), राहुल (10), अरनोर (9), कनुबाई (50), दस साल उम्र की सपना, अस्तर, 9 वर्षीय गोविंद, 13 साल की सुमित्रा, आठ साल की रॉयल, 50 साल उम्र की कमली, दस साल उम्र का नारू, विकास और अमरा घायल हो गए।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताते हुए मरने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं है। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया,'' उदयपुर में उदयपुर-झाडोल मार्ग पर हुए हादसे में 5 लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में सम्बल प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।