उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर में टेलर कन्हैया लाल हत्याकांड की जांच अब आतंकवाद-रोधी एजेंसी (NIA) करेगी| गृह मंत्रालय ने हत्याकांड की जांच एनआईए को सौंपी है| उदयपुर में हुई कन्हैया लाल तेली की नृशंस हत्या की जांच को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को अपने हाथ में लेने का निर्देश दिया है। मंत्रालय ने कहा कि,''किसी भी संगठन की संलिप्तता और अंतरराष्ट्रीय संपर्क की गहन जांच की जाएगी|
मंत्रालय ने कहा कि,'राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) राजस्थान के उदयपुर में एक व्यक्ति की नृशंस हत्या के मामले में जांच करेगी। NIA ने गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के साथ-साथ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज़ की है।
टेलर कन्हैया लाल हत्या की जांच करने के लिए राज्य सरकार ने एसआईटी का भी गठन किया। एसआईटी टीम उदयपुर पहुंच गई है। एनआईए की टीम भी आज उदयपुर पहुंचेगी। उदयपुर में जघन्य हत्या के बाद पूरे शहर में जगह-जगह पुलिस तैनात कर दी गई है। सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं पूरे राजस्थान में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद है।
बताते चलें कि,''कन्हैयालाल तेली की धानमंडी स्थित भूतमहल के पास सुप्रीम टेलर्स नाम से दुकान है। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बाइक सवार 2 लोग आए। कपड़े का नाप देने का बहाना बनाकर दुकान में घुसे। कन्हैयालाल कुछ समझ पाते तब तक बदमाशों ने हमला बोल दिया। उन पर तलवार से कई हमले किए। मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। दोनों आरोपी रियाज अंसारी और मोहम्मद गौस को राजसमंद के भीम से मंगलवार शाम 7 बजे गिरफ्तार किया गया। दोनों उदयपुर के सूरजपोल क्षेत्र के निवासी हैं।
जघन्य हत्या के बाद पूरे उदयपुर में जगह-जगह पुलिस तैनात है। सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा गया है। शांति और सुरक्षा की दृष्टि से पूरे राजस्थान में इंटरनेट बंद है। वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या के बाद कुछ मांगें रखी थीं। जिसपर सहमति बनने के बाद परिजनों ने आठ घंटे बाद शव उठाया। गहलोत सरकार ने पीड़ित परिवार को 31 लाख रुपये का मुआवजा और मृतक के दोनों बेटों को संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन दिया है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कन्हैया लाल की हत्या के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति के बारे में अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई है। गृह मंत्रालय के अधिकारियों और पुलिस के साथ बैठक से पहले सीएम गहलोत ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने उदयपुर हत्याकांड को लेकर कहा कि यह कोई साधारण घटना नहीं है। हम इस हत्याकांड की साजिश और इसके जुड़े लिंक को गंभीरता से जांच करवाएंगे।
उदयपुर में हुई घटना पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा,'उनके क्या इरादे थे, उनके किससे लिंक थे राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय स्तर पर, इन सभी बातों का खुलासा होगा। इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है और ये घटना मामूली नहीं है और ऐसे नहीं हो सकती है| राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय स्तर पर किसी से लिंक ना हो तब तक ऐसी घटनाएं नहीं होती है, ये अनुभव कहता है। उसी रूप में इस मामले की जांच की जा रही है। मैं जा रहा हूं और बैठक होगी|
बुधवार को मंत्री सुभाष गर्ग ने कहा,'इस मामले में SIT गठित कर दी गई है। पुलिस ने 6 घंटे में आरोपियों को पकड़ा है। इस तरह की घटना न हो उसके लिए प्रशासन को मुस्तैद कर दिया है। एसओजी के एडीजी अशोक राठौड़ की देख-रेख में एक टीम को तैयार कर मौके पर रवाना किया गया है|
BJP अपने स्वार्थ और राजनीति चमकाने के लिए इस तरह की घटनाओं को भड़वा देते हैं
उदयपुर घटना पर राजस्थान स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा,''राहुल गांधी ने कहा था कि BJP ने देश में केरोसिन छिड़क दिया है जो कहीं भी आग सुलगा सकता है। यह भाजपा का किया धरा है और निश्चित रूप से भाजपा इन घटनाओं के लिए ज़िम्मेदार है। कांग्रेस के शासनकाल में ऐसी घटनाएं क्यों नहीं हुईं?...यह अपने स्वार्थ और राजनीति चमकाने के लिए इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा देते हैं|
SP उदयपुर मनोज कुमार ने कहा,'अपराधी की कोई जाति नहीं होती है। जिसने भी अपराध किया है उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। मैं सभी से कानून में विश्वास रखने की अपील करता हूं। कानून व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है। हत्या के बाद कोई घटना नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है|
ACB, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एम. एन. ने कहा,'आरोपियों से पूछताछ जारी है। अभी पोस्टमार्टम चल रहा है और थोड़ी देर में दाह संस्कार किया जाएगा और उम्मीद है यह शांतिपूर्वक होगा। संवेदनशील और धार्मिक जगहों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है|