चर्चित फिल्म पुष्पा में जिस तरह चंदन की लकड़ी की तस्करी दिखाई गई है, ठीक उसी तर्ज पर अवैध शराब पंजाब के जालंधर से बिहार भेजी जा रही थी. सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने हिंदुआरी तिराहे के पास अवैध शराब से भरी टैंकर पकड़ा.
पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि टैंकर में जहरीली गैस है. पुलिस ने सख्ती दिखाई तो ड्राइवर ने टैंकर का गेट खोला. अंदर 898 पेटी अवैध ब्रांडेड शराब देखकर पुलिस भौचक्की रह गयी.
पुलिस ने पंजाब के रहने वाले टैंकर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. बरामद अंग्रेजी शराब की कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है. टैंकर समेत बरामद माल की कीमत एक करोड़ दस लाख रुपये है.
एडिशनल एसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि इंडियन ऑयल के टैंकर में छुपाकर ले जा रहे थे शराब।टैंकर का इनवॉइस चेक किया गया तो शक हुआ. गैस टैंकर का टैक्स इनवॉइस इंडियन ऑयल टर्मिनल कारपोरेशन, अमृतसर बाईपास जालंधर पंजाब से झांसी के लिए बना हुआ था.
जबकि सोनभद्र से लगा कोई भी रास्ता झांसी को नहीं जोड़ता है. टैंकर की तलाशी ली गई तो 898 पेटी में भरा हुआ लगभग 80000 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई. पुलिस मामले में जालंधर और बिहार के आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
एडिशनल एसपी ने बताया कि इस शराब को जालंधर से लोड करके सोनभद्र- झारखंड के रास्ते होते हुए बिहार ले जाना था. लेकिन सटीक मुखबिरी के चलते पूरा का पूरा माल पकड़ लिया गया है.
एडिशनल एसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि पहले भी इस रूट से बिहार के लिए शराब की तस्करी होती रही है. पुलिस की सख्ती के चलते बीच में बंद हो गई थी, लेकिन अब तस्करों ने फिर से काम शुरू कर दिया है.
कोड वर्ड में बात कर रहा था ड्राइवर : पुलिस ने टैंकर चालक जगमाल सिंह पुत्र भैयाराम निवासी जिला बालोतरा राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया है. वाहन मालिक राजेश पुत्र बाबूलाल निवासी बाड़मेर राजस्थान की तलाश की जा रही है.पुलिस इस मामले में झारखंड के रांची निवासी एक व्यक्ति को तलाश कर रही है, जिससे टैंकर ड्राइवर व्हाट्सएप चैट और कोड वर्ड भाषा के माध्यम से गंतव्य तक शराब पहुंचाने की बात कर रहा था. राबर्ट्सगज पुलिस को 25000 रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की गई है