संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर गणतंत्र दिवस पर जिले में इस साल भी किसान ट्रेक्टर परेड का आयोजन करेंगें।
पान दरीबा में संपन्न मोर्चा की बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 जनवरी को 11 बजे धनीपुर मंडी में किसान अपने ट्रेक्टरों के साथ जुटेंगें।
साथ ही कर्मचारी - श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि भी अपने वाहनों के साथ परेड में शामिल होंगें।
मंडी से परेड एटा चुंगी होते हुए बाईपास के रास्ते करीब 2 बजे मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचेगी।
जहां राष्ट्रीय मांग पत्र के साथ ही राज्यस्तरीय और क्षेत्रीय मांग किसान-मजदूर संगठन प्रशासन को सौंपेंगें।
बैठक के दौरान एमएसपी की कानूनी गारंटी, संपूर्ण कर्जा माफी, चारों लेबर कोड की वापसी, यूपी में बिजली के निजीकरण के फैसले की वापसी, 1.85 करोड़ के बिजली बिल घोटाले के प्रभावित किसानों को राहत देने,
टप्पल और ग्रेटर अलीगढ़ योजना में जमीन के सर्किल रेट बढ़ाने, हारन कलां में किसानों को जमीन वापिस करने जैसी कई मांगों को मांगपत्र में शामिल करने पर सहमति बनी।
बैठक में जानकारी साझा की गई कि इसके अलावा किसान संगठन सभी ब्लाकों में ग्रामीण बाजार में ट्रेक्टर परेडों का आयोजन करेंगें।
लोधा क्षेत्र के अटलपुर धरना स्थल पर भी किसान-मजदूर गणतंत्र का आयोजन करेंगें।
बैठक में क्रांतिकारी किसान यूनियन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नगेन्द्र चौधरी,
किसान सभा के नेता इदरीस मोहम्मद, भाकियू के नगर अध्यक्ष ओम चौधरी, जय किसान आंदोलन के आत्मप्रकाश सिंह शामिल हुए।