वड़ोदरा: गुजरात में वड़ोदरा के पास मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर ऑटो रिक्शा और ट्रेलर के बीच सड़क दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई।वड़ोदरा के पास आज यानी मंगलवार को मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर ऑटो रिक्शा और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई| हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई| घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है|
ज़िला कलेक्टर ए.पी. गोर ने बताया, "7 लोग घायल हैं जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, वे अभी स्थिर हैं। 7 शव बरामद हुए हैं।"
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के वडोदरा में सड़क दुर्घटना में हुई लोगों की मौत पर गहरा दुःख और शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जायेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया;
“वडोदरा जिले में एक सड़क दुर्घटना में हुई लोगों की मौत से दुःखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजन को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये दिए जायेंगे। घायलों को 50,000 रुपये दिए जायेंगे।”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया,''मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर ऑटो रिक्शा और ट्रेलर के बीच टक्कर से हुए भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मृत्यु की ख़बर बेहद दुःखद है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने और मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं एवं शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं।