वाराणसी: वाराणसी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गेस्ट प्रोफेसर मिथिलेश गौतम को विश्वविद्यालय ने बर्खास्त कर दिया है और विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करने पर रोक लगा दी है। नवरात्रि के दौरान उपवास पर उनके फेसबुक पोस्ट के बाद गेस्ट लेक्चरर मिथिलेश गौतम को विश्वविद्यालय ने बर्खास्त कर दिया है| विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने इसको लेकर लिखित ऑर्डर भी जारी कर दिया है|
मिथिलेश कुमार विश्वविद्यालय के पॉलिटिकल साइंस डिपार्टमेंट में गेस्ट प्रोफेसर के पद पर तैनात थे| फेसबुक पोस्ट पर उन्होंने लिखा था, ‘महिलाओं को नौ दिन के नवरात्र व्रत से अच्छा है कि नौ दिन भारतीय संविधान और हिंदू कोड बिल पढ़ ले , उनका जीवन गुलामी और भय से मुक्त हो जायेगा , जय भीम...
पोस्ट के लेकर छात्रों ने इसका विरोध कर विश्वविद्यालय प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी| इसके बाद यह बड़ा एक्शन विश्वविद्यालय प्रशासन ने लिया है| प्रशासन ने गेस्ट प्रोफेसर डॉ मिथिलेश कुमार गौतम को उनके पद से हटा दिया है| इसके अलावा विश्वविद्यालय का माहौल खराब न हो इसके लिए कैम्पस में उनके प्रवेश पर भी पाबंदी लगा दी है|
आदेश के अनुसार, डॉ मिथिलेश कुमार गौतम, अतिथि अध्यापक, राजनीतिशास्त्र विभाग द्वारा हिन्दू धर्म के विरूद्ध सोशल मीडिया पर की गयी पोस्ट के सम्बन्ध में विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा दिनाक 29. 09.2022 को शिकायती पत्र दिया गया। डॉ० गौतम द्वारा किये गये कृत्य के फलस्वरूप विश्वविद्यालय परिसर के छात्रों में आक्रोश व्याप्त होने तथा विश्वविद्यालय का वातावरण खराब होने, परीक्षा एवं प्रवेश, बाधित होने के दृष्टिगत मुझे यह कहने का निर्देश हुआ है कि विश्वविद्यालय परिनियमावली के परिनियम खण्ड 14.04-(01) के विन्दु संख्या (ख) एवं (ड.) के अधीन डॉ० मिथिलेश कुमार गौतम, अतिथि प्रवक्ता, राजनीतिशास्त्र विभाग को तत्काल प्रभाव से पदच्युत करते हुए विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा को देखते हुए परिसर में प्रवेश प्रतिबन्धित किया जाता है।