वाराणसी: वाराणसी के पिंडरा विधानसभा में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि,''अजय राय जी आपके प्रत्याशी हैं, आप इनको अच्छी तरह से जानते हैं। आपके उत्साह से भी यह समझ में आ रहा है, इन्होंने दिन रात आपके लिए काम किया है।
इनको भारी बहुमत से जिताईए| जितनी भी बाधाएं इनके सामने डाली जाती है, भाजपा द्वारा और दूसरी पार्टियों द्वारा उन सब बाधाओं को तोड़कर आज आप यहाँ आये है। उनको तोड़ते हुए इनको भारी बहुमत से जिताइये |
पांच बार विधायक रहे हैं अजय राय
पिंडरा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय पांच बार विधायक रहे हैं। 2017 का विधानसभा चुनाव वह भाजपा के डॉ. अवधेश सिंह से हार गए थे। लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अजय राय पर कांग्रेस नेतृत्व भरोसा जता चुका है। वह जीत नहीं दर्ज कर पाए थे। पिंडरा विधानसभा से अजय राय और डॉ. अवधेश सिंह इस बार फिर से आमने-सामने हैं।
मोदी जी अपनी कुर्सी बचाने के लिए असत्य की रक्षा करते हैं
पिंडरा में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि,मैं आप सभी की बहुत इज्ज़त करता हूं, तो मैं आपसे झूठ नहीं बोल सकता| मोदी जी आप हिंदू धर्म की नहीं, झूठ की रक्षा करते हो। ये आप किसके लिए करते हो? आप हिंदुस्तान के गरीब, किसान और मजदूर के लिए नहीं करते हो। आप अपनी कुर्सी बचाने के लिए असत्य की रक्षा करते हो |
राहुल गांधी ने कहा कि,हमारे हज़ारों युवा आज यूक्रेन में फंसे हुए हैं। लड़ाई हो रही है, लोग मर रहे हैं। जब वो युवा वीडियो बनाकर कहते हैं कि हमें बचाइए, हमें डर लग रहा है तो नरेंद्र मोदी के लोग कहते हैं कि ये लोग यूक्रेन इसलिए गए क्योंकि ये हिंदुस्तान में कॉलेज में नहीं घुस पाए| क्या ये हिंदुस्तान के युवा नहीं हैं। क्या ये हमारे नहीं हैं। इन युवाओं को वापस लेने की, इनकी रक्षा करने की जिम्मेदारी आपकी नहीं है क्या?
राहुल गांधी ने कहा कि,''हम आपसे झूठ बोलने नहीं आए हैं। हमने मनरेगा दिलवाया, किसानों का कर्जा माफ किया। राजस्थान में पेंशन वाला काम हुआ। हम काम करना जानते हैं और करवाना भी जानते हैं| आपके पास आपका वोट है। ये आपका भविष्य है, सोच समझकर दीजिए। एक बार फिर उत्तर प्रदेश को बनाने का समय आ गया है। उत्तर प्रदेश में रोजगार दिलाने का समय आ गया है |