बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सनी देओल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म "जाट" के प्रमोशन में व्यस्त हैं, जो 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसे दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। फैंस अब बेसब्री से फिल्म का इंतजार कर रहे हैं।
सनी देओल ने 2023 में "गदर 2" के साथ जबरदस्त वापसी की थी। यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई और बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की। इसके बाद से सनी को लगातार बड़े प्रोजेक्ट्स के ऑफर मिल रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सनी देओल पहले "गदर 2" करने से डर रहे थे?
हाल ही में फिल्म समीक्षक कोमल नाहटा को दिए एक इंटरव्यू में सनी देओल ने इस डर की वजह का खुलासा किया। उन्होंने बताया, "गदर" एक बेहद खास फिल्म थी, जिसमें प्यार, भावना और खूबसूरती थी। लोग उसे आज भी याद करते हैं। ऐसे में इसका दूसरा भाग बनाना बहुत बड़ी जिम्मेदारी थी। मुझे डर था कि कहीं फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी न उतर पाए और उनकी यादों में बसी पुरानी फिल्म की छवि खराब न हो जाए।"
सनी देओल ने आगे बताया कि जब उन्होंने "गदर 2" की कहानी सुनी, तो उनका डर धीरे-धीरे कम हुआ। उन्होंने कहा, "हमने उसी पुराने किरदारों, समय और भावनाओं को बरकरार रखा। हमने आधुनिक ट्रेंड्स को फिल्म पर थोपने की कोशिश नहीं की। अगर ऐसा करते, तो फिल्म अपना वास्तविक जादू खो देती।"
सनी देओल के इस बयान से साफ जाहिर होता है कि वे अपने किरदारों और फिल्मों को लेकर कितने गंभीर और संवेदनशील हैं। अब फैंस उनकी नई फिल्म "जाट" को देखने के लिए उत्सुक हैं, जो जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।