इस्लामाबाद: पाकिस्तान नेशनल असेंबली में प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान समाप्त हुआ। देर रात पाकिस्तान में इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया है। अविश्वास प्रस्ताव में इमरान की पार्टी PTI ने हिस्सा ही नहीं लिया। इमरान के खिलाफ कुल 174 वोट पड़े। बहुमत के लिए 172 वोट जरूरी थे। वोटिंग में इमरान की पार्टी के किसी असंतुष्ट सांसद ने हिस्सा नहीं लिया। वोटिंग के पहले स्पीकर और डिप्टी स्पीकर ने इस्तीफा दे दिया था। विपक्ष ने PML-N के अयाज सादिक को नया स्पीकर चुना। उन्होंने ही वोटिंग कराई।
विपक्ष को मिले 174 वोट, गिरी इमरान की सरकार
174 सदस्यों ने प्रस्ताव के पक्ष में अपने मत दर्ज किए। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास हो गया है। विपक्ष को 174 वोट मिले हैं। इसी के साथ इमरान खान की सरकार गिर गई है। गौरतलब है कि 342 सदस्यीय असेंबली में सरकार बनाने के लिए 172 सदस्यों की आवश्यकता होती है। विपक्ष को 174 वोट मिलने के साथ ही शहबाज शरीफ के प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। शहबाज शरीफ पंजाब प्रांत के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
इमरान सरकार के अविश्वास प्रस्ताव हारने के साथ ही पा??िस्तान के अटॉर्नी जनरल ने इस्तीफा दे दिया है। अविश्वास प्रस्ताव जीतने के बाद शहबाज शरीफ ने नेशनल असेंबली में कहा कि आज अल्लाह ने पाकिस्तान की आवाम की दुआएं कुबूल की हैं। विपक्ष के नेता शहबाज शरीफ ने कहा- मुल्क के लिए ये नई सुबह है। अवाम की दुआ कबूल हुई।
पाकिस्तान के स्पीकर और डिप्टी स्पीकर ने दिया इस्तीफा
पाकिस्तान के स्पीकर और डिप्टी स्पीकर ने वोटिंग की मियाद खत्म होने से 25 मिनट पहले ही इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में बड़ा सवाल उठ रहा है कि अब वोटिंग कौन कराएगा।
स्पीकर असद कैसर और डिप्टी स्पीकर कासिम सूरी ने नेशनल असेंबली में इस्तीफा की घोषणा की। स्पीकर ने कहा कि मैं इमरान खान के खिलाफ नहीं जाऊंगा। इमरान खान ने जो फैसला किया है वह मुल्क की खुद्दारी के लिए किया है। संसद में स्पीकर ने इमरान खान का सीक्रेट लेटर रखा। अयाज सादिक को स्पीकर का चार्ज दिया गया है। पीएमएल-एन के सांसद हैं सादिक।