आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के थाना सिकन्दरा के शास्त्रीपुरम से 6 जून 2022 को हुए 6 माह के बच्चे के अपहरण की घटना का खुलासा करते हुये शुक्रवार को पुलिस ने बच्चे का अपहरण कर खरीद-फरोख्त करने वाले दो महिला समेत 3 लोगों को पकड़ लिया। तीनों जनपद कासगंज के निवासी है| नर्स ने अपने गांव की एक महिला को एक लाख रुपए में बेचा था। अब वो एक और बच्चे को चोरी करने की फिराक में थे। उससे पहले ही पुलिस ने नर्स को पति समेत गिरफ्तार कर लिया। अपहृत बच्चे को मां को सौंप दिया गया।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के ग्राम मंगलाधुरी पारा निवासी फत्तेलाल अपनी पत्नी फूलमणि के साथ आगरा जिले के थाना सिकंदरा के शास्त्रीपुरम सी ब्लॉक में रहते हैं। 6 जून 2022 को उनका बेटा आरव (6 माह) चोरी हो गया था।
फत्तेलाल ने 6 जून 2022 को सिकन्दरा थाने पर तहरीर दी कि,' वह समय करीब 10.10 बजे शास्त्रीपुरम में साइट पर अपने परिवार सहित मजदूरी का कार्य कर रहा था। मेरा छोटा बेटा 06 माह, बड़े बेटे के साथ खेल रहा था। इस दौरान सफेद स्कूटी सवार महिला व पुरुष द्वारा बड़े बेटे को बिस्कुट दिलाकर तथा बालक 06 माह को घुमाने के बहाने स्कूटी से ले कर भाग गये हैं ।इस सम्बन्ध में थाना सिकन्दरा पर मु0अ0सं0 376/2022 धारा 364 भादवि पंजीकृत किया गया था।
एसएसपी सुधीर कुमार ने बताया कि ',' थाना सिकंदरा पुलिस, इलैक्ट्रानिक सर्विलांस व स्वाट टीम द्वारा घटना के अनावरण हेतु घटनास्थल के आस पास व आने जाने के सम्भावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर आदि के माध्यम से अपहृत 06 माह को जनपद कासगंज से बरामद करते हुये 1 एक पुरुष व 2 महिला को गिरफ्तार किया गया।
अपहरणकर्ता पूजा देवी उर्फ विमलेश दिल्ली में नर्सिंग का कार्य करती है। उसके गांव की नीरज देवी को शादी के 20 वर्ष बाद भी संतान न होने की वजह से बच्चे की आवश्यकता थी। इस कारण रुपयों के लालच में पूजा उर्फ विमलेश ने अनिल शर्मा के साथ मिलकर बालक आरव का अपहरण कर, नीरज देवी को 1 लाख रुपए में बेच दिया ।
पुलिस ने बताया कि,''इस खरीद-फरोख्त में 01 अन्य संदिग्ध व्यक्ति शामिल रहा जिसे अपहृत आरव का पिता बताकर, बालक को नीरज देवी को बेचा गया। संदिग्ध व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तारशुदा दोनों अपहरणकर्ताओं की निशादेही पर अपहृत बालक आरव को नीरज देवी पत्नी जगदीश राजपूत निवासी ग्राम अमरपुर थाना कोतवाली जनपद कासगंज के कब्जे से बरामद कर, अभियुक्ता नीरज देवी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारशुदा अपहरणकर्ताओं ने पूछताछ पर 1 अन्य बालक को खंदारी क्षेत्र की झोपड़पट्टी से अपहरण हेतु चिह्नित किया जाना बताया। जिसका एक-दो दिन में अपहरण कर रु0 1,50,000/- में अपहरणकर्ता पूजा देवी उर्फ विमलेश के एक अन्य रिश्तेदार को बेचने की योजना थी।उपरोक्त गिरोह बच्चा चोरी करने वाला एक सक्रिय गिरोह है, जिसके द्वारा अबोध बालकों का अपहरण कर, क्रय-विक्रय किया जाता है।
गिरफ्तार अभियुक्तगण का विवरण
1. अनिल शर्मा पुत्र अशोक शर्मा निवासी आवास विकास कालोनी थाना सिकन्दरा जनपद आगरा (अपहरणकर्ता)।
2. पूजा देवी उर्फ विमलेश पुत्री नर सिंह पत्नी अनिल शर्मा निवासी दयानन्द नगर थाना आनन्द विहार दिल्ली मूल निवासी ग्राम अमरपुर थाना कोतवाली जनपद कासगंज (अपहरणकर्ता)।
3. नीरज देवी पत्नी जगदीश राजपूत निवासी ग्राम अमरपुर थाना कोतवाली जनपद कासगंज।