लखीमपुर-खीरी: उत्तर प्रेदश के लखीमपुर-खीरी जिले में आज दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है| लखीमपुर-खीरी जिले में नेशनल हाइवे पर ट्रक और रोडवेज बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई| इस भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई,'जबकि 25 लोग घायल हैं। इनमें कई की हालत गंभीर है| मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना लखीमपुर खीरी जनपद के ईसानगर थाना क्षेत्र में NH-730 की है|
जानकारी के मुताबिक,''नेशनल हाईवे पर एक रोडवेज बस धौरहरा से लखीमपुर-खीरी जा रही थी। ईसानगर थाना क्षेत्र के भरेठा गांव के पास सामने से आ रहे भूसे से लदे ट्रक से बस की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस-ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया| सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है| हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है| इसमें रोडवेज बस का ड्राइवर -कंडक्टर भी शामिल है|
बस चालक सीतापुर के हरगांव निवासी भालचंद्र मिश्र और बस के परिचालक मैनपुरी जिले के इटावा के रहने वाले नायब सिंह की मौत हो गई। इसके अलावा जमाल पुत्र छोटन्न निवासी सिसैया, अवसाफ निवासी कांधला जनपद शामली, सिराजुल निवासी रुद्रपुर उत्तराखंड की भी मौत हो गई।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनपद लखीमपुर खीरी में वाहन दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर लिखा,''अत्यंत दुखद! लखीमपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 4 लोगों की मृत्यु, हृदय विदारक! मृतकों की आत्मा को शांति दे भगवान। शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहन संवेदना। घायलों के जल्द सकुशल होने की कामना। पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करे सरकार।