आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सैयां थाना क्षेत्र में खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं| आगरा के सैयां थाना क्षेत्र में चार सितंबर को बालू माफिया से जुड़े कम से कम 12 बालू लदे ट्रैक्टर -ट्रॉली टोल बैरिकेडिंग तोड़कर तेज रफ्तार में निकले हैं| सैंया थाना क्षेत्र में एनएच-3 के जाजऊ टोल टैक्स का है, जहां चार सितंबर को अचानक से टोल टैक्स की बेरीकेडिंग तोड़कर अवैध बालू से लदे 12 ट्रैक्टर ट्रॉली धड़ाधड़ निकल गईं| यह पूरा नजारा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया|
तेज रफ्तार में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर बिना टोल टैक्स चुकाए बैरीकेडिंग तोड़कर निकल गए| टोल कर्मी कुछ समझ पाते उससे पहले ही चंद मिनटों में एक के बाद एक ट्रैक्टर निकलते चले गए|
टोल के सुरक्षा कर्मी दौड़कर हाथ में डंडा लेकर केबिन के बगल में खड़ा हो गया और डंडे के बल पर ट्रैक्टर ट्रॉली को रोकने का प्रयास करने लगा| ट्रैक्टरों की रफ्तार काफी तेज थी| यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है| वहीं, मामले की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश में जुट गई| पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ा है|
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा,''एक सप्ताह पहले एक बड़ी कार्रवाई में 51 ट्रक जब्त किए गए थे और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान अधिनियम के मामले दर्ज किए गए थे। शायद इसी वजह से उन्हें हिलने-डुलने का मौका नहीं मिल रहा था. इसलिए, कुछ लोगों ने हाइड्रोलिक ट्रॉलियों का इस्तेमाल किया और टोल प्लाजा से आगे निकल गए।
मामले में एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा,'' उनमें से कुछ को पकड़ लिया गया, आज सुबह प्राथमिकी दर्ज की गई। इनमें से लगभग सभी धौलपुर से जुड़े हुए हैं। उनकी पहचान की जा रही है और धौलपुर पुलिस से सहयोग मांगा जा रहा है। गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर उनकी संपत्ति जब्त की जाएगी|