औरैया: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 17 वर्षीय एक किशोरी का शव बिना कपड़ों के खेत में मिला है। सूचना मिलते ही तत्काल घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक विभाग की टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। वहीं, परिवार वालों ने किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है।
घटना दिबियापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां सोमवार सुबह एक किशोरी शौच के लिए खेतों में गई थी। उसके बाद वापस नहीं लौटी। तभी गांव वालों ने किशोरी का शव (निर्वस्त्र ) एक बाजरे के खेत में पड़ा देखा| घटना के बाद गांव समेत पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक शिष्यपाल, सीओ सुरेंद्र नाथ, प्रभारी निरीक्षक दिबियापुर शशिभूषण मिश्रा समेत फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने तत्काल फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने मौके की निरीक्षण किया।
परिवार वालों के मुताबिक,'' लड़की (17) सुबह करीब छह बजे खेत पर जाने के लिए निकली थी। काफी देर कर किशोरी के घर न लौटने पर घर के सदस्य परेशान हो गए। परिजन गांव में किशोरी की तलाश करने लगे। करीब 10 बजे लड़की का शव निर्वस्त्र हालत में खेत में पड़ा मिला।