अयोध्या कोतवाली की दर्शन नगर पुलिस चौकी क्षेत्र के शहनवां गांव में दलित बेटी से दरिंदगी और हत्या मामले से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने एसपी सिटी के नेतृत्व में तीन टीमें गठित कर जल्द से जल्द घटना का अनावरण करने की कोशिश में है
वहीं सियासत भी तूल पकड़ने लगी है। रविवार को प्रेसकांफ्रेन्स कर सपा सांसद ने रोते रोते कहा कि न्याय नहीं दिला सके तो लोकसभा से इस्तीफा दे देंगे।
जिस पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद के रोने को नाटक कहते हुए दावा किया कि जांच हो रही है। दरिंदा सपा से जुड़ा मिलेगा।
बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। तो प्रदेश सरकार के मंत्री और राज्य महिला आयोग की सदस्य ने पीड़ित परिवार से मिलकर न्याय दिलाने की सांत्वना दी है।
अयोध्या में दलित युवती से दरिंदगी और हत्या मामले में रविवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्य अयोध्या पहुंचीं। पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली।
मर्माहत परिवार को सांत्वना दीं। डॉ. प्रियंका मौर्य ने बताया कि त्वरित न्याय दिलाने के लिए परिवार को भरोसा दिया है। जिस तरह से घटना हुई है उसे परिवार से समझा है। बच्ची के साथ बहुत बड़ी हैवानियत हुई है।
आयोग का प्रयास रहेगा कि बच्ची को जल्द से जल्द न्याय मिले। पुलिस प्रशासन परिवार की मदद कर रहा है। घटना की गम्भीरता से जांच चल रही है।
जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। परिवार को न्याय दिलाने के लिए राज्य महिला आयोग पीड़ित परिवार के साथ है।
बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश की योगी सरकार से पीड़ित परिजन को मुआवजा देने की मांग की है। बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने भी पीड़ित परिजनों से मुलाकात की है।
बताया कि अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में दलित युवती की क्रूरतापूर्वक हुई हत्या कलंकित कर रही है। पुलिस दोषियों को पकड़ कर घटना का पर्दाफाश करे। दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।