यूपी विधानसभा चुनाव 2022: बहराइच की कैसरगंज विधानसभा सीट पर विवाद के बाद समाजवादी पार्टी ने बलरामपुर की तुलसीपुर सीट से मसूद आलम को टिकट दिया है। दरअसल बहराइच की कैसरगंज विधानसभा सीट से सपा के 2 नेताओं मसदू आलम और आनंद यादव ने नामांकन दाख़िल किया। दोनों समाजवाद पार्टी की तरफ से उम्मीदवार होने का दावा कर रहे।
आनंद यादव ने कहा था, "बोर्ड ने फैसला किया है और मुझे अधिकृत प्रत्याशी के रूप में भेजा था। सपा नेता मसूद आलम ने कहा, पिछले 6 महीने से कैसरगंज के हर बूथ तक जाकर हम प्रचार कर रहे हैं, हमें लोगों का समर्थन मिला है। कैसरगंज विधानसभा से 12 किलोमीटर की दूरी पर मेरा मकान है। कटरा विधानसभा कैसरगंज से सटी हुई विधानसभा है|
सपा ने आज मंगलवार शाम को 8 नामों की लिस्ट जारी की। इसमें पार्टी ने बलरामपुर की तुलसीपुर सीट से मसूद आलम और उतरौला से हसीब हसन को टिकट दिया है।
उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में होंगे चुनाव
यूपी में सात चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं और मतों की गिनती 10 मार्च को होगी| यूपी में पहले चरण का चुनाव 10 फरवरी को होगा, जिसमें कुल 58 सीटों पर मतदान किया जाएगा| इसके बाद दूसरे चरण का मतदान 14 फरवरी को होगा जिसमें राज्य की 55 सीटों पर वोटिंग होगी, तीसरे चरण में 20 फरवरी को 59 सीटों पर मतदान होगा, चौथे चरण में 23 फरवरी को 60 सीटों पर मतदान, पांचवें चरण में 27 फरवरी को 60 सीटों पर, छठे चरण में 3 मार्च को 57 सीटों और सातवें फेज में 7 मार्च को 54 सीटों पर मतदान किया जाएगा|