बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में अग्निवीर भर्ती के दौरान नकली दस्तावेजों का उपयोग करने वाले 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया। बरेली में जाट रेजीमेंट सेंटर में अग्निवीर भर्ती परीक्षा चल रही है। बुधवार को पुलिस ने दो फर्जी अभ्यर्थियों को पकड़ा है। ये दोनों फर्जी प्रमाणपत्र के जरिए भर्ती होने का प्रयास कर रहे थे।
अग्निवीर भर्ती के दौरान धर्मराज सिंह पुत्र बलवीर सिंह निवासी भूड़ नगरिया थाना खंदौली जिला आगरा व रंजीत सिंह पुत्र विजेंद्र सिंह निवासी मदनपुर मुस्तकिल थाना खंदौली जिला आगरा की जांच के दौरान बायोमैट्रिक फिंगर प्रिंट लेते समय फर्जीवाड़े का पता चला।
फिंगर प्रिंट के दौरान पता चला कि अभ्यर्थी धर्मराज सिंह द्वारा कन्हैंया पुत्र गोपीचंद्र निवासी आगरा जन्मतिथि एक जनवरी 2002 व रंजीत सिंह द्वारा मोनू पुत्र सत्यवीर सिंह निवासी मथुरा जन्म तिथि 10 जुलाई 1999 के नाम से भर्ती दस्तावेज तैयार कर भर्ती में शामिल हुए हैं।
पूछताछ के दौरान धर्मराज सिंह ने अपना असली नाम अरुन पुत्र गफ्फार निवासी ग्राम सोरई थाना थाना खंदौली आगरा बताया। उसके सारे नाम पते से लेकर सारे प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए।
जबकि रंजीत सिंह का नाम पता सही पाया गया। रंजीत ने फर्जी हाईस्कूल का अंकपत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड का प्रयोग कर अग्निवीर भर्ती में प्रयास किया। फिलहाल सेना ने दोनों युवकों को कैंट पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
बरेली सिटी के SP राहुल भाटी ने कहा कि, "ये नकली नाम और फर्जी दस्तावेज़ों के साथ भर्ती होने की कोशिश कर रहे थे जिसमें बायोमौट्रिक के जरिए ये पकड़े गए|, इन्होंने पहले भी ऐसी कोशिश की थी लेकिन नाकामयाब रहें। इन्हें धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर हिरासत में लिया गया है|