Time:
Login Register

Basti: लालगंज में भीषण आग से तीन दुकानें खाक, लाखों का नुकसान; रंजिश में आगजनी की आशंका

By tvlnews March 3, 2026
Basti: लालगंज में भीषण आग से तीन दुकानें खाक, लाखों का नुकसान; रंजिश में आगजनी की आशंका

कुदरहा: लालगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से तीन दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। यह घटना लालगंज बाजार से कुदरहा जाने वाले मार्ग पर हुई, जिसमें पान की एक दुकान भी शामिल है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये के सामान का नुकसान हुआ है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11 बजे दुकानों से अचानक धुआं उठता दिखा, जिसके कुछ ही देर बाद आग की लपटें तेज हो गईं। आग की भयावहता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते तीनों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही लालगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही दमकल विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।


दुकान संचालक आकाश अग्रहरि पुत्र अखिलेश ने लालगंज थाना क्षेत्र के एक युवक और उसके साथियों पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है। प्राथमिक जांच में आपसी रंजिश के चलते आगजनी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों और स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Powered by Froala Editor

You May Also Like