Time:
Login Register

Basti: लालगंज आगजनी कांड का खुलासा, 25 हजार का इनामी बदमाश समेत दो आरोपी गिरफ्तार

By tvlnews March 17, 2026
Basti: लालगंज आगजनी कांड का खुलासा, 25 हजार का इनामी बदमाश समेत दो आरोपी गिरफ्तार

कुदरहा/बस्ती: लालगंज थाना क्षेत्र के बाजार में होलिका दहन के दिन हुई आगजनी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को मंगलवार को लालगंज स्थित कुवानो पुल के पास से पकड़कर न्यायालय के लिए रवाना कर दिया।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बस्ती यशवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत तथा क्षेत्राधिकारी रूधौली कुलदीप सिंह यादव के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार पाठक की टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशुमान पाण्डेय उर्फ लोरिक (निवासी ठोकवा, थाना लालगंज) और कुलदीप यादव (निवासी अछैती, थाना महुली, जनपद संतकबीरनगर) के रूप में हुई है। इनमें अंशुमान पाण्डेय पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।


पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने होलिका दहन के दिन लालगंज बाजार में व्यापारियों की दुकानों में आग लगाकर क्षेत्र में भय का माहौल बना दिया था, जिससे व्यापारियों में खासा आक्रोश व्याप्त था।


उल्लेखनीय है कि सोमवार देर रात लालगंज बाजार से कुदरहा मार्ग पर स्थित तीन दुकानों में अचानक आग लग गई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि तीनों दुकानें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। इनमें एक पान की दुकान भी शामिल थी। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 11 बजे दुकानों से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


पीड़ित दुकानदार आकाश अग्रहरि ने पहले ही एक युवक व उसके साथियों पर आगजनी का आरोप लगाया था। पुलिस जांच में भी आपसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है।


पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के खुलासे के बाद स्थानीय व्यापारियों और आमजन ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।

Powered by Froala Editor

You May Also Like