Basti: मंझरिया में मनरेगा योजना को पलीता, फर्जी फोटो व हाजिरी से बड़ा भ्रष्टाचार उजागर
कुदरहा: बस्ती जिले के विकासखंड कुदरहा अंतर्गत ग्राम पंचायत मंझरिया में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम पंचायत में तैनात रोजगार सेवक राजेश्वरी देवी द्वारा मनरेगा योजना को धड़ल्ले से पलीता लगाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चार अलग-अलग मनरेगा कार्यों में एक ही मजदूरों की फर्जी अथवा पुरानी तस्वीरें अपलोड की गई हैं। एक ही फोटो का बार-बार उपयोग कर कार्य पूर्ण दिखाने से मनरेगा की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। चार मनरेगा (जी राम जी योजना) कार्यों में एक ही फर्जी फोटो अपलोड होने के बाद ग्राम सचिव, टीए/जेई, मनरेगा एपीओ एवं खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कुदरहा की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान सरिता पहले भी कई बार मनरेगा कार्यों में फर्जीवाड़े को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं, लेकिन हर बार कार्रवाई के बजाय मामले को दबा दिया गया। बताया जा रहा है कि बीडीओ आलोक कुमार पंकज की कथित लापरवाही के चलते ग्राम पंचायत मंझरिया में मनरेगा भ्रष्टाचार खुलेआम चल रहा है।
सूत्रों के मुताबिक जिले में सबसे अधिक फर्जी मनरेगा हाजिरी इसी ग्राम पंचायत से दर्ज की जा रही है। मनरेगा में हो रहा यह कथित भ्रष्टाचार अब जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं डीसी मनरेगा के लिए सीधी चुनौती बनता जा रहा है।यह पूरा मामला बस्ती जिले के विकासखंड कुदरहा स्थित ग्राम पंचायत मंझरिया में चल रहे मनरेगा भ्रष्टाचार से जुड़ा बताया जा रहा है।
Powered by Froala Editor
