बस्ती: बस्ती लोकसभा क्षेत्र के सांसद राम प्रसाद चौधरी ने ग्राम शेखपुरा, तहसील व जनपद बस्ती के गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर गन्ना आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ को पत्र लिखा है। उन्होंने किसानों के व्यापक हित और सुविधा को देखते हुए संबंधित गन्ना किसानों को रुधौली चीनी मिल से हटाकर मुंडेरवा चीनी मिल से संबद्ध करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
सांसद ने पत्र में कहा है कि शेखपुरा के निवासी एवं क्षेत्रीय गन्ना किसान पिछले कई वर्षों से कुसौरा क्रय केंद्र के माध्यम से रुधौली चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति करते आ रहे हैं। वर्तमान में इस क्रय केंद्र से जुड़े किसानों को अनेक कठिनाइयों और समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में कहा गया है कि किसानों को गन्ना मूल्य का समय से भुगतान न होना, मान-तौल में अनियमितता एवं पारदर्शिता का अभाव, भ्रष्टाचार और बिचौलियों के कारण शोषण जैसी समस्याओं के चलते गन्ना आपूर्ति में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए सांसद राम प्रसाद चौधरी ने गन्ना आयुक्त से किसानों के व्यापक हित एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुसौरा क्रय केंद्र से संबंधित गन्ना किसानों को रुधौली चीनी मिल से हटाकर मुंडेरवा चीनी मिल से संबद्ध करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है
Powered by Froala Editor