कुदरहा, बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा भिड़ी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल युवक को सीएचसी कुदरहा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कलवारी मुस्तहकम निवासी सुनील कुमार (20) के रूप में हुई। बताया गया कि सुनील सब्जी का कारोबार करता था। शनिवार को वह धनघटा मंडी से सब्जी लेकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान कल्यानपुर गांव के पास उसकी बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी तेज थी, जिससे सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Powered by Froala Editor