बस्ती:चौरी चौरा शताब्दी वर्ष 2020-21 का शुभारम्भ 4 फरवरी को देश के प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री द्वारा किया जायेगा। मण्डलायुक्त अनिल कुमार सागर एवं जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने आम जन से अपील की है कि देश के लिए अपने प्राणों की आहूति देने वाले अमर शहीदों की स्मृतियों को गौरवान्वित कराने के लिए चौरी चौरा शाताब्दी वर्ष के शुभारम्भ अवसर पर चौरी चौरा के शहीदों को नमन करते हुए सैल्यूट की मुद्रा में खड़े होकर राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम का प्रथम छन्द गाते हुए व्यक्तिगत वीडियों अपलोड करें, जिससे इसे गिनीज़ बुक आफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज कराते हुए विश्व रिकार्ड बनाया जा सके।
उन्होने बताया है कि वीडियों अपलोड करने का लिंक http://chaurichauramahotsav.in है, जिसपर 03 फरवरी को प्रातः 09 बजे से 04 फरवरी के मध्यान्ह 12 बजे तक वीडियों अपलोड किया जा सकता है। प्रदेश के ग्राम विकास एवं समग्र ग्राम विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह द्वारा 4 फरवरी को चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव के अवसर पर प्रातः 9.30 बजे शहीद स्मारक छावनी में शहीदों को पुष्पांजलि दी जाएगी।
10 बजे वंदे मातरम का समवेत गायन होगा, इसके पश्चात दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम पर गोष्ठी आयोजित की जाएगी, सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे तथा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रभारी मंत्री 12.00 बजे से तहसील हर्रैया सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। कमिश्नर अनिल कुमार सागर, डीएम आशुतोष निरंजन, एसपी हेमराज मीना, सीडीओ ने बस्ती जिले के शहीद स्मारक छावनी का निरीक्षण भी किया|