बस्ती: बस्ती के परसरामपुर थाना क्षेत्र के बस्थनवा धान क्रय केन्द्र पर बिना धान दिए अंगूठा लगाने की बात को लेकर कुछ लोगों ने क्रय केन्द्र प्रभारी को मारा पीटा है। उसे बंधक बनाकर नाराज लोग धान खरीद के अभिलेख और नमी मापक यंत्र उठा ले गए। साथ ही केन्द्र प्रभारी को जान से मारने की भी धमकी दी। मामले में क्रय केन्द्र प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ रंगदारी, बल्वा, मारपीट, धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बस्ती के परसरामपुर थाना क्षेत्र के भुईगांवा निवासी और बस्थनवा क्रय केन्द्र के प्रभारी विशाल चतुर्वेदी का आरोप है कि बस्थनवा गांव निवासी उमेश तिवारी, उसके भाई विवेक कुमार तिवारी, पिता लालकुमार तिवारी व चार अन्य ने मिलकर जबरदस्ती बिना धान दिए अंगूठा लगाने का दबाव बनाया, जब उसने इंकार किया तो वे आपा खो बैठे। उसे मारपीट कर बंधक बना लिया।
पाष मशीन , लैपटाप तोड़ दिया और धान खरीद के सभी अभिलेख, नमी मापक यंत्र तक उठा ले गए। जब उसने प्रतिवाद किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी। मामले में तहरीर के आधार पर परसरामपुर पुलिस ने 7 आरोपियों के विरूद्ध सुसंगत धाराओं के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया है।