बेंगलुरु: कर्नाटक में इसी साल मई में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले कांग्रेस ने 200 यूनिट मुफ्त बिजली के बाद पार्टी ने राज्य में महिलाओं के लिए भी बड़ी घोषणा की है| कांग्रेस ने सत्ता में वापसी के बाद गृहिणी महिलाओं को बुनियादी आय के रूप में गृह लक्ष्मी योजना के तहत दो हजार रुपये देने का वादा किया है|
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने 'मिशन कर्नाटक' के तहत राज्य में पहला कार्यक्रम किया। उन्होंने 'ना नायाकी अभियान' के दौरान कहा कि कर्नाटक में सत्ता में आने पर पार्टी प्रत्येक घर की मुखिया गृहणी को 2,000 रुपये प्रतिमाह नकद देगी।
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) की ओर से पैलेस ग्राउंड्स में आयोजित 'ना नायाकी' (Naa Nayaki Means 'I am a leader') कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की महासचिव प्रियंका गांधी ने कर्नाटक की महिलाओं से वादा किया कि 'गृहलक्ष्मी योजना' के तहत हर साल गृहणी के खाते में सीधे 24,000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) के मुताबिक, ‘गृह लक्ष्मी' योजना से 1.5 करोड़ गृहणियों को लाभ होगा| गौरतलब है कि इससे कुछ ही दिन पहले पार्टी ने 'GRIH JYOTI' योजना के तहत राज्य में प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट प्रतिमाह मुफ्त बिजली देने का भी वादा किया था।
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आज कहा, ‘मोदी है तो महंगाई है’ ‘भाजपा आई, महंगाई लाई’ नारे हर ज़बान पर है, घर में सिलिंडर खरीदना मुश्किल है, आटा-दाल-चावल-खाद्य तेल महिलाओं के बजट से बाहर है, बच्चों की स्कूल फीस देना चुनौती है, तो महँगाई से लड़ने का हल कांग्रेस निकाल कर लाई है|
पैलेस ग्राउंड्स में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, ‘मैं आपसे एक सवाल पूछना चाहती हूं, भाजपा सरकार आने के बाद आपका जीवन बेहतर हुआ? क्या कोई बदलाव आया? वोट देने से पहले पिछले कुछ सालों को देखिए और इसका मूल्यांकन कीजिए| श्रीमती गांधी ने कहा, ‘मुझे पता चला कि कर्नाटक में स्थिति बहुत खराब है, भ्रष्टाचार से 1.5 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। PSI घोटाला शर्मनाक है, आप अपने बच्चों को शिक्षित करते हैं और आपको सत्ता में बैठे नेताओं से यह मिलता है|