भिलाई: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज गुरुवार को छत्तीसगढ़ के भिलाई में हो रही महिला समृद्धि सम्मेलन में पहुंची जहां उन्होंने महिलाओं से मुलाकात की। महिलाओं ने श्रीमती गांधी को प्रतीक चिन्ह भेंट किया | इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद थे।
भिलाई में एक जनसभा के संबोधन के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, "... जनता जागरुक तब भी थी और जनता जागरुक अब भी है लेकिन अब जनता के जज़्बात का इस्तेमाल हो रहा है। धर्म, जाति की बातें होती हैं और इसमें इनका राजनीतिक इस्तेमाल होता है और जब यह होता है तो आप नहीं पूछेंगे कि तुमने मेरी सड़क क्यों नहीं बनाई...?"
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, "मैंने सुना कि प्रधानमंत्री मोदी धान खरीदी का श्रेय लेते हैं। मैं पूछती हूं कि अगर मोदी सरकार ही छत्तीसगढ़ का धान खरीद रही है तो उत्तर प्रदेश के किसान धान 1200-1400 रुपए में क्यों बेच रहे हैं? वहां तो उनकी ही सरकार है। आवारा पशु से लोग परेशान हैं। अपनी खेती की रखवाली के लिए लोगों को पूरी रात खेत में बैठना पड़ रहा है। हमने यह समस्या छत्तीसगढ़ में हल की है।"
प्रियंका गांधी ने कहा, "मैं हर जगह कहती हूँ कि छत्तीसगढ़ माडल में यह समस्या हल होती है। सरकार आते ही किसानों का कर्जमाफ हुआ। 5 लाख से अधिक वन पट्टे दिये गये। लाखों बीपीएल परिवारों का पांच लाख तक निःशुल्क इलाज हुआ है। कमजोर वर्ग के बच्चों को आधुनिक शिक्षा मिल रही है।