सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया| सीधी से सतना जा रही एक बस नहर में गिर गई| बस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 हुई| अब तक नहर से 39 शवों को बाहर निकाला जा चुका है व 11 यात्री रेस्क्यू किए गए हैं| बस में क़रीब 60 यात्री सवार थे। बाकी यात्रियों की तलाश की जा रही है।
नहर इतनी गहरी है कि बस पूरी तरह उसमें डूब गई है। क्रेन के जरिए बस को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। बस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीधी कलेक्टर से बात की है।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है|
सीधी में हुई बस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने बाणसागर डैम से नहर का पानी रोकने के निर्देश दिए हैं। शिवराज सिंह चौहान ने सीधी के कलेक्टर को रेस्क्यू ऑपरेशन तेज़ करने के निर्देश दिए हैं|
सीधी के कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने बताया,''सीधी में हुई बस दुर्घटना में अब तक कुल 38 लोगों के शव बरामद हुए हैं। बस में कुल 54 लोग सवार थे जिनमें से 7 लोगों को बचाया गया। सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से सीधी में हुई बस दुर्घटना में मरने वालों के परिजनों को 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की मंजूरी दी।
पूर्व CM कमलनाथ ने भी जताया दुख
घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी ट्वीट करते हुए दुख जताया| उन्होंने कहा कि कई यात्रियों के हताहत होने की जानकारी सामने आयी| उन्होंने सरकार से मांग की कि तत्काल राहत कार्य शुरू कर बस में फंसे यात्रियों को बचाने का प्रयास हो| पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद की जाए|
जानकारी के मुताबिक, जिस समय यह हादसा हुआ, बस सीधी से सतना जा रही थी। साइड लेने के दौरान वह पुलिया से सीधे नहर में जा गिरी। घटना के बाद पास के ग्रामीण और अन्य लोग बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठे हो गए हैं। घटना की जानकारी लगते ही बस में सवार लोगों के स्वजन भी मौके पर पहुंच रहे हैं मौके पर कोहराम मचा हुआ है। सीधी से सतना जा रही एक बस में क़रीब 54 यात्री सवार थे। बाकी यात्रियों की तलाश की जा रही है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा,''सीधी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर मैं लगातार प्रशासन से और राहतकार्य में लगे हुए लोगों से चर्चा कर रहा हूँ। बहुत दुःखद है कि दुर्घटना में 18 लोगों की जान चली गई है। मन बहुत व्यथित है। बचावकार्य लगातार जारी है; कलेक्टर, कमिश्नर, आईजी, एसपी, एसडीआरएफ की टीम लगी हुई है। मंत्री तुलसी सिलावट और रामखेलावन पटेल तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं। इस दुर्घटना में हमारे जो भाई-बहन नहीं रहे, उनके परिजनों को रु. पाँच लाख की सहायता राशि तत्काल दी जाएगी।मेरी अपील है कि सभी धैर्य रखें। दुःख की इस घड़ी में मैं और प्रदेश की जनता आपके साथ है।
जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा,'इस दुखद घटना ने पूरे मध्य प्रदेश के दिल और दिमाग को झकझोर कर रख दिया है। हम सीधी जा रहे हैं। मैंने संबंधित अधिकारियों से अभी बात की तो पता चला है कि लगभग 30 शव वहां मिल चुके हैं|
अमित शाह ने जताया दुख
गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट करते हुए दुख जताया| उन्होंने कहा,''मध्य प्रदेश के सीधी जिले में हुआ बस हादसा बहुत दुःखद है, मैंने मुख्यमंत्री जी से बात की है। स्थानीय प्रशासन राहत व बचाव के लिए हर संभव मदद पहुंचा रहा है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
घटना पर जीतू पटवारी ने भी जताया दुख
मध्य प्रदेश कांग्रेस MLA जीतू पटवारी ने भी घटना पर ट्वीट करते हुए दुख जताया| जीतू पटवारी ने ट्वीट किया,''सीधी से सतना जा रही बस के नहर में गिर जाने से कई लोगों की दर्दनाक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायल लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया,''मध्य प्रदेश के सीधी में 54 यात्रियों से भरी बस नहर में गिरने से हुए दर्दनाक हादसे में 30 लोगों की मृत्यु का दुखद समाचार हृदय विदारक! शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहन संवेदना! मृतकों की आत्माओं को शांति दे भगवान। मृतकों के परिजनों को इस ₹10-10 लाख मुआवजा दे सरकार।