भोपाल: मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने हाथरस घटना को एक प्रयोग बताया| उन्होंने हाथरस घटना को लेकर कांग्रेस पर जातीय राजनीति करने का भी आरोप लगाया है।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा,''कांग्रेस का हाथ दंगाइयों के साथ। इनको दलित की चिंता नहीं दल हित की चिंता है...जब भी किसी जाति की बात आती है तो आगे आ जाते है और हिंदुत्व की बात करे तो सांप्रदायिक-सांप्रदायिक चिल्लाने लगते हैं। वो चाहते हैं जातियों में देश बंटे। हाथरस एक संयोग नहीं एक प्रयोग था|
नरोत्तम मिश्रा ने कहा,कांग्रेस को दलित नहीं "दलहित" की चिंता रहती है। इसीलिए वो अपने राजनीतिक लाभ के लिए दलितों का इस्तेमाल करती है। हाथरस की घटना में भी उसकी साजिश सामने आ रही है। उसने हमेशा समाज को बांटने वाले तत्वों का पक्ष लिया है।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने हाथरस पीड़िता के परिवार से मुलाकात की थी। साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा,''10 दिन में कर्ज़ा माफ और 15 मिनट में चीन साफ। मैं तो उस गुरू को नमन कर रहा हूं जिसने इनको पढ़ाया है। इतनी अच्छी क्वालिटी का नशा लाते कहां से हैं ये, यही समझ नहीं आता मुझे|
उन्होंने कहा,''किसानों की कर्ज माफी और चीन के मुद्दे पर राहुल गांधी के सभी दावे हकीकत से परे हैं। इन मुद्दों पर उन्हें ज्ञान देने वाले सभी सलाहकारों को मैं नमन करता हूं।
उन्होंने कहा, कमल नाथ जी को स्वीकार करना चाहिए कि वो अपने ही बुने जाल में फंसे हैं। तोड़फोड़ की राजनीति का आगाज उन्होंने ही किया था अब अंजाम भुगत रहे हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस सरकार उन्हीं की वजह से ही गिरी है, उन्हें इसका दोष किसी दूसरे के सिर नहीं मढ़ना चाहिए।