भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में किसानों के समर्थन में राजभवन का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। भोपाल में किसानों के समर्थन में और तीनों नए कृषि कानूनों के विरोध में सड़कों पर उतरे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज और ठंडे पानी की बौछार की है|
कांग्रेसी राजभवन का घेराव करने जा रहे थे लेकिन पुलिस ने बीच रास्ते में ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत 20 नेताओं को ऐहतियातन हिरासत में ले लिया| पुलिस ने कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह और कुणाल चौधरी को भी हिरासत में लिया है|
पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा,''किसानो के समर्थन में आज मध्यप्रदेश के भोपाल में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हज़ारों किसान भाइयों व कांग्रेसजनो पर शिवराज सरकार के ईशारे पर किये गये बर्बर लाठीचार्ज , आंसू गैस व वाटर केनन छोड़े जाने की व गिरफ़्तारी की कड़ी निंदा करता हूँ।इस लाठीचार्ज में कई किसान भाइयों, कांग्रेसजनो , महिलाओं व मीडिया के साथियों को चोटे आयी है। उनके स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। किसानो के समर्थन में हमारा संघर्ष जारी रहेगा, हम ऐसे दमन से डरने-दबने वाले नहीं है।
जयवर्धन सिंह ने कहा,'डंडे एवं पुलिस से हम डरने वाले नहीं है, किसान के हक और सच्चाई की लड़ाई में हम उनकी आवाज़ को बुलंद करते रहेंगे। ये कृषि कानून भारत के किसानों को बर्बाद कर देगा। काले क़ानून को वापस लेना होगा। कुणाल चौधरी ने कहा,''भोपाल में राजभवन घेराव एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर शिवराज सरकार का लाठीचार्ज, अश्रुगैस और वाटर कैनन उपयोग के बाद पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह जी एवं सभी नेताओं की गिरफ्तारी शिवराज सरकार की तानाशाही दर्शाती है.
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट किया ,''कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, —शिवराज की तानाशाही ने ब्रिटिश राज की याद दिलाई; भोपाल में शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर शिवराज का लाठीचार्ज, अश्रुगैस और वाटर कैनन का उपयोग करना ग़ुलामी काल में अंग्रेजों द्वारा किये दमन की याद दिलाता है। शिवराज जी, आपकी उल्टी गिनती शुरू है। शिवराज का दमनकाल, —शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर लाठी, अश्रुगैस और वाटर कैनन से हमला; शांतिपूर्ण तरीक़े से राजभवन का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर शिवराज ने लाठीचार्ज, अश्रुगैस और वाटर कैनन का उपयोग कर लोकतंत्र की हत्या की है। “शिवराज का जंगलराज”
NSUI मध्य प्रदेश ने ट्वीट किया,''आज राजभवन घेराव में कांग्रेस के हर एक कार्यकर्ता ने अपनी सहभागिता दिखाई परंतु NSUI के कार्यकर्ता भव्य सक्सेना के ऊपर हुई पुलिस की बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज इस सरकार की युवाओं और संवैधानिक अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता को उजागर करता है, बेहद शर्मनाक ।। आज राजभवन घेराव में पुलिस द्वारा किये गए लाठीचार्ज में NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल । शिवराज सिंह की दमनकारी नीतियों से ना डरे है ना डरेंगे लड़े है और लड़ेंगे..।