पटना: जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के सवाल पर बिहार CM नीतीश कुमार ने कहा,''प्रतिबंध के बावजूद जो इधर-उधर से शराब पीता है उसका नतीजा आप सब लोग देख रहे हैं| पुलिस और मद्य निषेध विभाग द्वारा काम किया जाता है और लगाम कसने की जरूरत है|
जहरीली शराब से मृत्यु की घटनाओं पर CM नीतीश कुमार ने कहा,'हमने शराब पर प्रतिबंध लगा रखा है, उसके बाद भी जो निजी तौर पर बाएं दाएं से कुछ करके शराब पीता है तो इसका नतीजा आप देख ही रहे हैं। हमारे यहां पुलिस और मद्य निषेध विभाग द्वारा काम किया जाता है और लगाम कसने की जरूरत है|
नीति आयोग की बैठक पर CM नीतीश कुमार ने कहा,'बिजली के मामले में हमने सवाल उठाया है। बिजली का अगर सारे देश का एक ही रेट हो तो सबसे अच्छा होगा। हम लोगों को ज्यादा पैसा लगता है। इस बारे में हमने बात की है|
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पिछले तीन दिन में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो चुकी है| कटरा के दरगाह टोले में जहरीली शराब पीने से ही पांच लोगों की मौत हुई है। पीड़ित परिवार के एक सदस्य खेलावन मांझी ने शनिवार को बताया कि कटरा थाना क्षेत्र के दरगाह गांव में शराब पीने के बाद लोगों की मौत हो गई|
मामले की जांच के लिए शनिवार को डीएम प्रणव कुमार व एसएसपी जयंतकांत समेत कई वरीय अधिकारी कटरा के दरगाह टोला पहुंचे। इस दौरान मृतक रामचंद्र मांझी व उसकी पत्नी मंजू देवी के परिजन खेलावन मांझी व अन्य ग्रामीणों ने शराब पीने से दोनों की मौत की बात अधिकारियों से कही। इनकी मौत बुधवार की रात हुई थी।
गुरुवार रात विनोद मांझी, अजय मांझी, सोनल सिंह की मौत की बात सामने आई थी।पिछले दो दिनों में पुलिस व प्रशासन की जांच में बीमारी से ही मौत की बात बताई जा रही थी। शनिवार को एसएसपी जयंतकांत ने कहा कि शराब पीने से ही पांचों की मौत की बात अब सामने आई है।
शराब से मौत का मामला तूल पकड़ता देख एसएसपी जयंतकांत ने कटरा थानेदार सिकंदर कुमार को निलंबित कर दिया है। वहीं सर्किल इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार झा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसएसपी जयंतकांत ने बताया कि शराब पीने से मौत की बात सामने आने के बाद इस मामले में शराब बनाने वाले मुख्य आरोपित मुकेश सिंह व अन्य पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। मुकेश के साले एवं मुकेश के सहयोगी प्रमोद की पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। शराब पीने से मुकेश सिंह के पुत्र सोनल सिंह की भी मौत हो गई है।
आरोपित की एक गाड़ी भी जब्त की गई है। पांच लोगों की मौत के बाद पुलिस ने कटरा व आसपास के इलाकों में शराब बनाने व बेचने के अड्डों पर दबिश बढ़ा दी है। शनिवार को कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। दूसरी तरफ विधायक समेत कई जनप्रतिनिधियों ने दरगाह टोला में पहुंचकर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली