बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के बिल्हा क्षेत्र में कल बुधवार को 23 वर्षीय एक युवक ने रेलवे पटरी पर आकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिवार का आरोप है कि पुलिस प्रताड़ना के कारण युवक ने आत्महत्या की है। मामले की जांच के लिए 2 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है और जांच जारी है| बिल्हा थाने के आरक्षक रूपलाल चंद्रा को सस्पेंड कर दिया गया है|
बिलासपुर ग्रामीण के ASP राहुल देव शर्मा ने कहा कि,' मृतक का पोस्टमार्टम हो गया है। मामले में मजिस्ट्रियल जांच के लिए भी निर्देष दे दिया गया है और आरक्षक रूपलाल चंद्रा को सस्पेंड कर दिया गया है|
जानकारी के अनुसार बिल्हा क्षेत्र के ग्राम भैंसबोड़ निवासी हरीश चंद्र गेंदले पुत्र भागीरथी रोजी-मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि गांव में किसी लड़की से हुए विवाद को लेकर उसके खिलाफ पुलिस से शिकायत हुई थी, जिस पर पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया। लेकिन, युवक थाने नहीं पहुंचा, तब पुलिस उसकी तलाश करते हुए गांव पहुंच गई। लेकिन, युवक घर में नहीं मिला। लिहाजा, पुलिस उसके पिता को पकड़कर थाने लेकर आ गई।
इसके बाद युवक भी बिल्हा थाने पहुंच गया। बताया जा रहा है कि, पुलिस ने युवक और उसके पिता को पिटाई कर दी थी। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और युवक व उसके पिता को छोड़ दिया गया।
आरोप है कि, इससे मानसिक तनाव में आकर युवक ने देर शाम करीब 7 बजे वह बिना बताए घर से निकल गया। वह ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी। ट्रेन की चपेट में आकर युवक के कई टुकड़े हो गए। रात करीब 9 बजे परिजन को इस घटना की जानकारी हुई, तब वे घटनास्थल पहुंचे। इस घटना के बाद लोगों का आक्रोश भड़क गया और थाने का घेराव कर जमकर हंगामा मचाया।