मुख्य सामग्री पर जाएँ
24 अगस्त 2026

बक्सर में कामाख्या जा रही नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट ट्रेन के 21 डिब्बे पटरी से उतरे, 4 यात्रियों की मौत...करीब 100 घायल; डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द

बक्सर: बिहार के बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार की रात नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट ट्रेन के 21 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज़्यादा लोग घायल…

बक्सर में कामाख्या जा रही नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट ट्रेन के 21 डिब्बे पटरी से उतरे, 4 यात्रियों की मौत...करीब 100 घायल; डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द
बक्सर में कामाख्या जा रही नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट ट्रेन के 21 डिब्बे पटरी से उतरे, 4 यात्रियों की मौत...करीब 100 घायल; डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द | फ़ोटो: TVL News

बक्सर: बिहार के बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार की रात नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट ट्रेन के 21 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं|  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। CM नीतीश कुमार ने रेल हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार के लिए चार-चार लाख रुपये और घायल यात्रियों को 50-50 हजार रुपए मुआवजे की घोषणा की| रेलवे ने हादसे में मरने वालों के परिवार को 10-10 लाख की मदद दी है। घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए गए हैं।




आनंद विहार टर्मिनल से कामाख्या जा रही ट्रेन नंबर 12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे बुधवार की रात 21.35 बजे दानापुर मंडल के रघुनाथपुर स्टेशन के पास पटरी से उतर गए।  हादसे में कुल चार लोगों की मौत हुई है|  जिनमें दो पुरूष, मां और बेटी (8) शामिल हैं। 100 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं, इनमें से कुछ को रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में, कुछ को आरा और बक्सर में एवं कुछ को एम्स पटना व आईजीआईएमएस पटना में भर्ती किया गया है| 




हादसे के बाद से अब तक 31 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है। 95 का रूट डायवर्ट किया गया है। यह हादसा बुधवार रात बक्सर-आरा के बीच रघुनाथपुर स्टेशन के पास हुआ। कुल 23 डिब्बों वाली ट्रेन बुधवार सुबह सात बजकर 40 मिनट पर दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से रवाना हुई थी | बक्सर डिरेलमेंट साइट पर गुरुवार सुबह तक राहत एवं बचाव कार्य चला|



उत्तर रेलवे के सीपीआरओ ने - हेल्पलाइन नंबर PNBE- 9771449971, DNR- 8905697493, ARA- 8306182542, COML CNL - 7759070004 जारी की है|



नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना पर कामाख्या रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक ए.के. सिन्हा ने कहा, "कामाख्या रेलवे स्टेशन पर एक हेल्पलाइन नंबर (03612674857) जारी किया गया है। इस नंबर पर लोग जानकारी ले सकते हैं।"



डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द

बक्सर ट्रेन हादसे पर भोजपुर ज़िलाधिकारी राजकुमार ने बताया, "हमें सूचना मिलते ही भोजपुर से 15 एंबुलेंस, 4-5 बसें और SDRF की टीम भेजी है। वहां से जितने भी मरीज आएंगे उसके लिए हमने स्टेशन पर 3 एंबुलेंस तैनात हैं। हमने सदर अस्पताल में तैयारी की है और जिन डॉक्टरों की छुट्टी थी उनकी छुट्टियों को रद्द किया है... जो डॉक्टर पटना में थे उनको भी वापस बुलाया जा रहा है... हमने AIIMS पटना को भी स्टैंड बाय पर रखा है।"



बक्सर, आरा, पटना के अस्पतलों को अलर्ट जारी

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बक्सर और आरा के ज़िलाधिकारी और SP से बात की और उन्हें घायलों के लिए उचित व्यवस्था करने और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द घटना स्थल पर भेजने का निर्देश दिया| बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा, "दिल्ली से कामख्या जा रही ट्रेन बक्सर के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई है। हमारी सभी अधिकारियों से बात हुई है, स्वास्थ विभाग, आपदा विभाग के अधिकारियों से बात हुई है। बक्सर, आरा, पटना के अस्पतलों को अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा बल, NDRF, SDRF को भी मौके पर भेजा है। हमारी प्राथमिकता अधिक-से-अधिक लोगों की जान को बचाना है। हमने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।"



दुर्घटना में कोई भी बोगी उलटी नहीं: SDPO

बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट ट्रेन के 21 डिब्बे पटरी से उतर जाने के बाद बचाव कर्मी कार्य पर लगे हैं। दुर्घटना में 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।  नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना पर SDPO राजीव चंद्र सिंह ने कहा, "दुर्घटना में कोई भी बोगी उलटी नहीं हुई जिसकी वजह से मृतकों और घायलों की संख्या कम है। 4 लोगों की मौत हुई है। अभी बोगी काटी जा रही है।"



उच्च स्तरीय जांच के आदेश 

रेलवे ने बृहस्पतिवार को दिल्ली-कामाख्या नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के छह डिब्बे बुधवार रात को बिहार के बक्सर जिले के रघुनाथपुर स्टेशन के पास पटरी से उतरने के मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए| 



नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना पर ECR (ईस्ट सेंट्रल रेलवे) के महाप्रबंधक तरूण प्रकाश ने  बताया, "अभी तक 4 मौत की पुष्टि हुई है। हमारा बचाव कार्य चल रहा है। हादसे में 21 बोगियां पटरी से उतरी हैं... हम इसकी गहन जांच करेंगे। ट्रेक के बहाली का कार्य चल रहा है|




सीएम नीतीश कुमार ने किया मुआवजे का ऐलान

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बक्सर में नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन के 21 डिब्बे पटरी से उतरने के बाद मरने वाले लोगों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की| मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, "जैसे ही घटना की जानकारी मिली वहां बचाव कार्य शुरू हो गया। हादसे में 4 लोगों की मृत्यु हो गई है। एक मृतक बिहार का रहने वाला था। हम सभी की सहायता करेंगे। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे। "



जांच शुरु कर दी गई है:नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटियर रेलवे

नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना पर नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के CPRO सब्यसाची डे ने कहा, " बचाव अभियान पूरा हो गया है। घटनास्थल से सभी यात्रियों को रेस्क्यू कर लिया गया है... 4 लोगों के हताहत होने की सूचना है...जांच शुरु कर दी गई है...जो लाइनें अभी बंद हैं, उन्हें बहाल करने का काम चल रहा है।"




बक्सर डिरेलमेंट साइट पर युद्ध स्तर पर बचाव कार्य चल रहा हैरेल मंत्री

 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन हादसे पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट कर कहा, "बक्सर डिरेलमेंट साइट पर युद्ध स्तर पर बचाव कार्य चल रहा है। NDRF, SDRF, जिला प्रशासन, रेलवे अधिकारी और स्थानीय निवासी सभी एक टीम के रूप में काम कर रहे हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। वार रूम संचालित हो रहा है। जल्द ही बचाव कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बचाव कार्य के तुरंत बाद ट्रैक का बहाली कार्य शुरू किया जाएगा।” 



केंद्र सभी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने हेतु प्रतिबद्ध: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा, "बिहार के बक्सर में हुए रेल हादसे में घायल हुए यात्रियों के त्वरित व उत्तम उपचार हेतु एम्स, पटना को निर्देश दिए हैं। मुझे बताया गया है कि गंभीर रूप से घायल यात्री एम्स में है और स्थिर हालत में हैं। केंद्र सरकार सभी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने हेतु प्रतिबद्ध है|



प्रधानमंत्री ने नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस दुर्घटना में हुई जन हानि पर शोक व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के कुछ डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण हुई जन हानि पर शोक व्यक्त किया है। मोदी ने कहा कि अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मोदी ने कहा कि अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट किया:“नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के कुछ डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण हुई जन हानि से बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारी सभी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं|



रेल मंत्रालय व केन्द्र सरकार की जवाबदेही तय हो: खड़गे

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर कहा, "नई दिल्ली से असम जाने वाली नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के बिहार के बक्सर में डीरेल होने की खबर बेहद पीड़ादायक है।  इस भयावह हादसे में कई लोगों ने अपनी जान गँवाई है और 100 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं। हम मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते है।  कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि पीड़ितों को हर मुमकिन मदद पहुँचाएँ।  जून 2023 की बालासोर रेल दुर्घटना के बाद ये डीरेल होने का दूसरा बड़ा हादसा है। रेल मंत्रालय व केन्द्र सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिये।




कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा,''दिल्ली-कामाख्या नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है।  शोकसंतप्त परिवारों को मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।  कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अनुरोध है वो राहत कार्यों में प्रशासन का पूरा सहयोग करें।




सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य लोग बचाव कार्य में लगे हैं: अश्विनी चौबे

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कल रात रघुनाथपुर में कामाख्या-बाउंड नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस के 21 डिब्बे पटरी से उतरने के बाद परिचालन बहाली कार्य और बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। केंद्रीय मंत्री और बक्सर से सांसद अश्विनी चौबे ने कहा, "मैंने इस बारे में रेल मंत्री को बताया है और इसके साथ मेरी NDRF के DG, बिहार के मुख्य सचिव, वहां के ज़िलाधिकारी, रेलवे के GM से बात हुई है। सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य लोग बचाव कार्य में लगे हैं। 



 केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा, "मुझे जैसे ही इसकी खबर मिली मैंने तुरंत रेल मंत्री, NDRF, SDRF, बिहार के मुख्य सचिव, ज़िलाधिकारी आदि अधिकारियों को सूचना दी। मैं लोगों से अपील करुंगा की वे बड़ी संख्या आएं और पीड़ित लोगों की मदद करें... इस घटना के कारण का पताया लगाया जा रहा है..."


भयावह दृश्य: अश्विनी चौबे

नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना पर अश्विनी चौबे ने कहा, "भयावह दृश्य है। यहां की जनता ने जिस प्रकार से राहत बचाव कार्य में सहयोग किया वह सराहनीय है। यहां के लोगों ने हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं, जिलाअध्यक्ष को जानकारी दी। मैंने रेल मंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के कार्यलय तक जानकारी दी। राहत बचाव कार्य शुरू हो गया है। आसपास के अस्पतालों को जानकारी दी गई... रेवले की टीम आ चुकी है, हम परिचालन की व्यवस्था को सुदृढ़ करने में लगे हैं। जांच पड़ताल चल रही है।


दुखद घटना: बिहार भाजपा अध्यक्ष

नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना पर बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा, "यह दुखद घटना है। इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए। रेल प्रशासन इसकी पूरी जांच कराएगा।"



ये घटना बेहद दुखद है:चिराग पासवान

नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना पर लोक जनशक्ति पार्टी(राम विलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा, "ये घटना बेहद दुखद है... मैं घटना में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं और आशा करता हूं कि रेलवे प्रशासन जल्द से जल्द इस मामले की जांच करवाकर दोषियों पर कार्रवाई करेगा ताकि भविष्य में इस तरह की घटना से बचा जा सके।"


....जांच होनी चाहिए: प्रियंका चतुर्वेदी

नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "...ओडिशा में तीन ट्रेनों की भिड़ंत हुई थी जिसमें 300 से अधिक लोगों की जानें गईं, फिर से ट्रेन बेपटरी हुई हैं...  इस मामले की जांच होनी चाहिए। अब तक हमें यह नहीं पता है कि ओडिशा ट्रेन हादसा किन कारणों से हुआ... एक ओर हम रोज वंदे भारत एक्सप्रेस को लॉन्च कर रहे हैं और दूसरी ओर हम सुरक्षा को दरकिनार कर रहे हैं।"



मैं उन्हें (बिहार CM) कहूंगा कि खैरात ना बांटे:गिरीराज सिंह

नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना पर केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने कहा, "...रेलवे ने तत्परता दिखाई है और स्थानीय लोगों ने पूरी मदद की है। रेलवे ने सभी यात्रियों को गंतव्य स्थान के लिए रवाना कर दिया है। जो घायल हैं उनका इलाज जारी है और उन्हें 50 हजार रुपए दिए जा चुके हैं। 4 में से 2 मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए दिए गए हैं और बाकी 2 के परिजन जब आएंगे तो उन्हें भी राशि दे दी जाएगी। मुझे बिहार के मुख्यमंत्री पर दुख हुआ कि उन्होंने कहा कि ये मेरा काम नहीं है रेल का है... मैं उन्हें कहूंगा कि खैरात ना बांटे।"


पटरियों पर सुरक्षा बहुत महत्त्वपूर्ण: हरीश रावत

नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना पर कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा, "पटरियों पर सुरक्षा बहुत महत्त्वपूर्ण हो गई हैं। पटरियों को टकराने से रोकने के लिए दुनिया भर में जो तकनीक उपलब्ध है उसे लाने में देरी की जा रही है। रेल सुरक्षित होनी चाहिए... पटरियों को नवीनतम बनाना भी आवश्यक है और ट्रेनों में टकराव न हो ये भी सुनिश्चित करना जरूरी है।"


दुर्भाग्यपूर्ण: झारखंड CM हेमंत सोरेन

नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना पर झारखंड CM हेमंत सोरेन ने कहा, "भारत सरकार उपक्रम है, रेल चलाने से लेकर उसके रख-रखाव तक का काम उनका है, भर्ती का काम उनका है तो सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उनके ऊपर है। जो घटना हुई वह दुर्भाग्यपूर्ण है, जो लोग इससे प्रभावित हुए हैं उनके प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"







tvlnews

TVL News (TheViralLines) के संवाददाता। यह रिपोर्ट स्थानीय स्रोतों और उपलब्ध आधिकारिक जानकारी की पुष्टि के बाद प्रकाशित की गई है। किसी तथ्य में सुधार के लिए संपर्क करें या +91 99996 56869 पर WhatsApp करें।

मुफ़्त अलर्ट

ऐसी हर खबर सबसे पहले पाएँ

बस्ती, गोंडा, अयोध्या, गोरखपुर और लखनऊ के अपडेट सीधे आपके WhatsApp पर।

इन्हें भी पढ़ें

टॉप न्यूज़ की सभी खबरें

इस खबर से जुड़े सवाल

यह खबर कब प्रकाशित हुई और आखिरी बार कब अपडेट की गई?

यह रिपोर्ट 12 अक्टूबर 2023 को TVL News पर प्रकाशित हुई और 10 मई 2025 को अपडेट की गई। नई जानकारी मिलने पर खबर को अपडेट किया जाता है।

इस क्षेत्र की और खबरें कहाँ पढ़ें?

इस क्षेत्र की ताज़ा खबरें TVL News के ज़िला सेक्शन में पढ़ी जा सकती हैं। thevirallines.net पर बस्ती, गोंडा, अयोध्या, गोरखपुर और लखनऊ के अलग-अलग पेज हर दिन अपडेट होते हैं।

इस खबर में कोई तथ्य ग़लत लगे तो क्या करें?

TVL News हर सुधार को गंभीरता से लेता है। +91 99996 56869 पर WhatsApp करें या thevirallines@gmail.com पर लिखें — पुष्टि के बाद खबर तुरंत सुधारी जाती है।