बेंगलुरु: कर्नाटक के चामराजनगर जिले में भाजपा सरकार के मंत्री वी सोमन्ना ने एक महिला को थप्पड़ मार दिया| वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक महिला को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। चामराज नगर जिले के हंगला गांव में कार्यक्रम के दौरान हाउसिंग एवं इंफ्रास्ट्रक्चर विकास मंत्री वी सोमन्ना ने एक महिला को थप्पड़ मार दिया| सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ महिला सुरक्षाकर्मियों को भी देखा जा सकता है|
यह घटना शनिवार शाम (22 अक्टूबर, 2022) को गुंडलुपेट तालुक के हंगला गांव की है। वी सोमन्ना कर्नाटक में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट मिनिस्टर हैं।शनिवार को वी सोमन्ना, गांव में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भूमि का स्वामित्व वितरित करने के लिए पहुंचे थे।
इस दौरान फरियाद लेकर पहुंची एक महिला उनके पास पहुंची। महिला के मुताबिक, उसने अपने फरियाद के संबंध में कई बार शिकायतें की थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस बारे में जब उसने मंत्री के सामने नराजगी जताई तो मंत्री ने महिला को थप्पड़ मार दिया। हैरान करने वाली बात तो यह रही कि थप्पड़ खाने के बावजूद उस महिला ने मंत्री के पैर छूकर आशीर्वाद लिये| वायरल वीडियो में थप्पड़ के बाद महिला मंत्री के पैर छूती नजर आ रही है।
कांग्रेस ने ट्वीट किया कर्नाटक की BJP सरकार के मंत्री वी सोमन्ना ने एक महिला को थप्पड़ जड़ दिया। महिला का अपराध था कि वो अपनी फरियाद लेकर BJP के मंत्री के पास चली गई। अब PM मोदी का बयान पढ़ लीजिये - 'क्या हम स्वभाव से, संस्कार से, नारी को अपमानित करने वाली हर बात से मुक्ति का संकल्प ले सकते हैं?'
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया,''बेहद शर्मनाक! जिस जनता से हाथ जोड़कर वोट मांगते हो उसी जनता पर हाथ उठा रहे हो? कर्नाटक के इस मंत्री के ख़िलाफ़ सख्त एक्शन होना चाहिए।
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, "एक तरफ लोगों को 40 प्रतिशत कमीशन का भारी खामियाजा भुगतना पड़ता है और दूसरी तरफ, सत्ता के नशे में चूर मंत्रियों द्वारा महिलाओं को थप्पड़ मारा जाता है। क्या सीएम बोम्मई आप ऐसे मंत्री को बर्खास्त करेंगे?"