लखनऊ: उत्तर प्रदेश के चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के प्रभुपुर गांव में दीवार गिरने से 3 मजदूरों की मृत्यु हुई। हादसे की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से तीनों शवों को बाहर निकाल लिया है। पुलिस अधीक्षक सहित जिले के अन्य उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये। मृतकों की पहचान पड़ोसी गांव अमिलाई के रहने वाले प्रदीप, संदीप और और राजेश के रूप में हुयी है। तीन??ं मृतक अनुसूचित जाति के हैं। इनमें प्रदीप और संदीप सगे भाई हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया,"नींव की ईट को निकालते समय उससे जुड़ी हुई दीवार मजदूरों पर गिर गई। इससे 3 मजदूरों की मृत्यु हो गई। विधिक कार्रवाई की जाएगी और सभी शवों को अस्पताल भेज दिया गया है।"
चंदौली के DM ईशा दुहन ने कहा,“तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इनके लिए सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री कृषि दुर्घटना योजना में 5-5 लाख की सहायता दी जाएगी। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और अन्य जितनी भी योजनाओं का लाभ हम मृतकों के परिवार को दे पाएं, वो हम देंगे|
मुख्यमंत्री ने जनपद चंदौली में दीवार गिरने से हुई जनहानि पर गहरा गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तत्काल पहुंचकर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके उपचार की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने कहा,“ यूपी के चन्दौली ज़िले के प्रभुपुर गाँव में दीवार गिरने से तीन स्थानीय मज़दूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो जाने की ख़बर अति-दुःखद। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना। सरकार इस सम्बंध में अपनी घोषणा के अनुरूप फौरन अनुग्रह राशि पीड़ित परिवार को देना सुनिश्चित करे।