चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के थाना मुगलसराय क्षेत्र में शुक्रवार को अस्पतालों में आपूर्ति किए जाने वाले आक्सीजन सिलेंडर के फटने से दो लोगों की मौत हो गई| थाना मुगलसराय अन्तर्गत रविनगर के एक अस्पताल में आज 30 दिसंबर की सुबह ऑक्सीजन सिलेंडर उतारते समय सिलेंडर ब्लास्ट हो गया| जिससे दो लोगों की मौत हो गई| धमाका इतना जोरदार था कि मृतक का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि शरीर के चिथड़े हो गए।
मृतकों की पहचान मुगलसराय के कुढकला निवासी 35 वर्षीय चंद्रभान और मुगलसराय स्थित नया महल निवासी 28 वर्षीय राजन के रूप में हुई है|
सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे एसपी अंकुर अंग्रवाल ने घटनास्थल का मुआयना किया। वहीं फॉरेंसिंक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसर गया।
दोनों चंद्रभान और राजन पिकअप से विभिन्न अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडर आपूर्ति करने का काम करते थे। शुक्रवार को ऑक्सीजन सिलेंडर लोडकर दयाल नर्सिंग होम में आपूर्ति करने पहुंचे थे। नर्सिंग होम के पास पिकअप खड़ी कर सिलेंडर उतार रहे थे, तभी सिलेंडर ब्लास्ट हो गया और दोनों की मौत हो गई।
आक्सीजन सिलेंडर के फटने से आसपास खड़े वाहनों के शीशे चकनाचूर हो गए। इस ब्लास्ट से मुहल्लेवासी सन्न रह गए| रवि नगर मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
चंदौली के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया, थाना मुगलसराय में एक अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर उतारते समय एक सिलेंडर फटा है। हम CCTV फुटेज देखकर फटने के कारण का पता लगा रहे हैं। प्रथम दृष्ट्या लग रहा है कि वो हैंडलिंग या प्रेशर के कारण फटा है|