चंडीगढ़: कांग्रेस हरियाणा विधानसभा में बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार के खिलाफ कल अविश्वास प्रस्ताव लाएगी| हरियाणा पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि,''हरियाणा सरकार ने लोगों का विश्वास खो दिया है,उनका समर्थन करने वाले विधायक और निर्दलीय उम्मीदवार भी पीछे हट गए हैं। अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा और उस पर मतदान होगा..कई चेहरे बेनकाब हो जाएंगे। विपक्ष का काम है लोगों की आवाज़ उठाना|
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि,'' विधानसभा में कल हो जाएँगे चेहरे बेनक़ाब, अविश्वास प्रस्ताव से हो जाएगा साफ़ कौन MLA किसान के साथ है,कौन कुर्सी के साथ। IND,JJP MLA अविश्वास प्रस्ताव पर वोट डालने से पहले 300 किसानों की क़ुर्बानी को करें याद।किसान की कुरबानियों की खिल्ली उड़ाने वाली सरकार के पाप में भागीदार न बने।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि,'''“जनता हमसे नाखुश है,हमारा सरकार में बैठने का कोई अधिकार नहीं है,हम सभा नहीं कर सकते, जनता के बीच जाने के लिए हमें लोहे के हेलमेट बनवाने होंगे”-MLA बबली ये जनप्रतिनिधि की पीड़ा नहीं, किसान आंदोलन की नैतिक जीत बोल रही है। कल सरकार गिरेगी जरूर या तो सदन में या तो जनता की नजरों में....
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि,'''“कल हरियाणा विधानसभा में सत्ता पक्ष के विधायक का कुछ जमीर जागा और वह सच्चाई स्वीकारने पर मजबूर हो गए। JJP MLA बबली बोले ‘मेरी विधानसभा में पूरे गांव ने मेरा बहिष्कार कर दिया है, हमारी माताएं, बुजुर्ग, बेटियां खुशी से बाहर नहीं बैठी हैं, वर्तमान हालात राज्य के हित में नहीं हैं।
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि,'''हरियाणावासियों! कल का दिन महत्वपूर्ण है, विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान आप देखेंगे कि किसे किसान की फिक्र है और किसे कुर्सी की, किसका समर्थन गरीब किसानों को है और किसका सत्ताधीशों को, किसका लक्ष्य जनसेवा है और किसका महज राजनीति। देखिएगा जरूर, कल सभी चेहरे बेनकाब होंगे।
अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपने-अपने सदस्यों को सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है|हरियाणा सरकार के मंत्री और बीजेपी के मुख्य सचेतक कंवर पाल ने कहा, “हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भारतीय जनता विधायक दल के सभी सदस्यों से 10 मार्च को सदन में लगातार उपस्थित रहने का अनुरोध किया जाता है|
व्हिप जारी करते हुए उन्होंने कहा, “नेतृत्व की अनुमति के बिना वह सदन से बाहर न जाएं|चर्चा के दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा होगी| सदस्यों से अनुरोध है कि वे मतविभाजन और मतदान के समय उपस्थित रहें| बीजेपी के सहयोगी दल जजपा ने भी अपने विधायकों को व्हिप जारी किया है|
कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता और मुख्य सचेतक बी बी बत्रा ने कहा, “कांग्रेस विधायक दल, हरियाणा के सदस्यों को सूचित किया जाता है कि सदन में सरकार के विरुद्ध 10 मार्च को अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा| उन्होंने कहा, “मैं व्हिप जारी करता हूं कि आप अनिवार्य रूप से 10 मार्च को सुबह 10 बजे सदन में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें और अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान का समर्थन करें|सदस्यों से अनुरोध है कि वे सीएलपी नेता से अनुमति लिए बिना सदन से बाहर न जाएं|
हरियाणा विधानसभा में 90 सीटें हैं और वर्तमान में 88 सदस्य हैं| उनमें से बीजेपी के 40, जेजेपी के 10 और कांग्रेस के 30 सदस्य हैं| सात निर्दलिय MLA हैं| इसके अलावा एक सदस्य हरियाणा लोकहित पार्टी का है|