रायपुर:‘जल जीवन मिशन’ के तहत जब घर में नल आया तो ग्राम मटिया की खिलेश्वरी की जिंदगी खुशियों से खिल उठी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित विभिन्न जिलों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन योजना से लाभान्वित अनेक हितग्राहियों से चर्चा भी की।
धरसींवा विकासखंड के ग्राम मटिया की खिलेश्वरी देशमुख ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बताया कि उनके गांव में पीने के पानी की बड़ी समस्या थी, परंतु इस योजना से घर में नल कलेक्शन पहुंचने पर हमारी समस्या का समाधान हुआ है। योजना से पूर्व पीने के पानी के लिए हमें एक से डेढ़ किलोमीटर दूर जाना पड़ता था।
बरसात के समय कीचड़ भरे रास्तों से होकर पीने के पानी की व्यवस्था करनी पड़ती थी। प्रत्येक घर में इस योजना से नल कनेक्शन पहुंचने से अब हमें इस समस्या से निजात मिला है। घर-घर नल का कनेक्शन पहुंचने पर अब हम परिवार के सदस्यों एवँ बच्चों को पूरा समय दे पाते हैं, जिससे वे भी प्रसन्न हैं।
खिलेश्वरी देशमुख ने बताया,''इस योजना के आरंभ होने से पहले हमारे घरों में शौचालय तो बनाये गए थे लेकिन पानी की अनुपलब्धता के कारण हमें शौच के लिए खुले में जाने को मजबूर होना पड़ता था। इस योजना से हमें पर्याप्त मात्रा में पानी मिलने लगा है। हैंडपंप में लगने वाली लंबी कतारों से समय की हानि होती थी साथ ही भीड़ बढ़ने पर विवाद की स्थिति भी बन जाती थी और विलंब होने पर घर में परिजनों से भी डांट मिलती थी। अब इन विवादों से हमें बहुत राहत मिली है।
मुख्यमंत्री बघेल ने श्रीमती खिलेश्वरी से कहा कि आपने बहुत ही व्यवहारिक समस्याओं का उल्लेख किया है। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि आप सभी महिलाओं को शासन की इस योजना का लाभ मिला इसके लिए सभी को बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री का बीजापुर के गांव कोत्तापाल की राधा लिंगम ने जताया आभार
बीजापुर जिले के सुदूर अंचल का गांव कोत्तापाल में अब पेयजल की समस्या दूर हो गई है। इस गांव की माताओं और बहनों को अब घर के लोगों के पीने का पानी लाने के लिए सर पे गुंड़ी और हउला धरकर एक-सवा किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ता है। इस गांव के घरों में अब नल से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होने लगी है।
कोत्तापाल की राधा लिंगम ने आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लाईव चर्चा के दौरान कहा कि आपने हमारे घरों में नल लगवाकर हमें बहुत सहूलियत दे दी है। अब हमें पेयजल के प्रबंध के लिए न तो दूर जाना पड़ता है, न ही समय खराब करना पड़ता है। राधा लिंगम ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का कोत्तापाल की सभी माताओं, बहनों और ग्रामीणों की ओर से उनका आभार जताया।
श्रीमती राधा लिंगम ने चर्चा के दौरान यह भी बताया कि हैण्ड पम्प से पानी लाने के लिए लम्बी लाईन लगाना पड़ता था। अपने दुधमुहे बच्चे को गोद में उठाकर पानी भरने जाती थी। इससे उन्हें बहुत दिक्कत होती थी। श्रीमती राधा लिंगम ने कहा कि अब सुबह-शाम नल से पानी आ जाता है। इससे सभी महिलाओं को सहूलियत होने लगी है। पानी भरने में जो समय खराब होता है, वह बचने लगा है, जिसे वह बच्चों की देखभाल और घर परिवार की अन्य जिम्मेदारियों में लगाने लगी है।
बीजापुर जिले के ही ग्राम बरदेला की शिला कोरसा ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपने हमारे घरों में नल लगवाकर जीवन को आसान कर दिया है। पेयजल का प्रबंध करना बहुत कठिन था। घर से काफी दूर स्थित हैण्ड पम्प से पानी लाने जाना पड़ता था। बरसात के दिनों में पानी की गुंडी सर पर रखकर लाते समय कीचड़-चिखला की वजह से फिसलने और गिरने का डर लगा रहता था। गर्मी के दिनों में हैण्ड पम्प के पानी का स्तर नीचे जाने की वजह से काफी देर हैण्ड पम्प चलाने के बाद गुंडी-दो गुंडी पानी निकलता था।
लक्ष्मी देवी को अब पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता
लक्ष्मी देवी को अब पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता, घर में ही पर्याप्त पानी नल से मिल जाता है। लक्ष्मी देवी दुर्ग जिले के ग्राम भटगांव की रहने वाली हैं। जल-जीवन मिशन के तहत उनके घर में भी निःशुल्क नल कनेक्शन दिया गया है। लक्ष्मी देवी ने आज मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल जीवन मिशन की विभिन्न योजनाओं के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान चर्चा करते हुए यह जानकारी दी और नल कनेक्शन मिलने पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
भटगांव की ही ललिता निषाद ने मुख्यमंत्री को बताया कि घर में नल लगने से पानी को लेकर उनकी दिक्कत दूर हो गई है। गर्मियों में पानी के लिए बड़ी परेशानी हो रही है। अब दिन में 2 समय सुबह 7 बजे और शाम को 5 बजे एक-एक घंटा पानी आता है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गांव के 450 घरों में नल कनेक्शन लग गए हैं। हम लोग बहुत खुश हैं।
मुख्यमंत्री ने पाटन विकासखण्ड के ग्राम तर्रा में श्री मुकेश यादव के घर का नल कनेक्शन भी देखा, उनके घर वालों ने कहा कि यह नल कनेक्शन हमारे लिए वरदान की तरह साबित हुआ है। पानी की दिक्कत अब पूरी तरह दूर हो गई है। निशा यादव ने बताया कि पानी की समस्या दूर होने से बहुत अच्छा लगा। अब सवेरे 7.30 बजे और शाम को 5 बजे पानी आता है। घर में जाम और पपीता लगाए हैं, पेड़ पौधों में भी पानी डालते हैं। उन्होंने बताया कि चंडी मंदिर के पास बोर कर टंकी बनाई गई है। जिसमें 5 हॉर्स पावर की मोटर भी लगी है।
मालती को अब पानी भरने दूर नहीं जाना पड़ता, नल से घर बैठे मिल रहा है पानी
जल जीवन मिशन के तहत घरों में नल से पानी मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं बहुत खुश हैं। आज इस मिशन के तहत नल जल योजनाओं के भूमिपूजन कार्यक्रम में कांकेर जिले की 2 महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रू-ब-रू चर्चा कर इस योजना के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
घर में नल कनेक्शन से पेयजल की सुविधा उपलब्ध होने पर खुशी का ईजहार करते हुए भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम बरबसपुर की निवासी कुमारी मालती दर्रो ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें घर बैठे ही पानी मिल जाता है। अब उन्हें पानी भरने के लिए दूर नहीं जाना पड़ता, अब घर के दरवाजे में ही पानी भरने की सुविधा उपलब्ध हो गई है। इसके पहले उन्हें पेयजल के लिए दूर जाना पड़ता था, जिससे परेशानी होती थी, अब उससे मुक्ति मिल चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि उनके घर में शौचालय भी बना है, लेकिन पानी की कमी के कारण उसका उपयोग नहीं हो पाता था। अब घर में पानी आने से शौचालय का भी वे लोग उपयोग कर रहे हैं।
चारामा तहसील के ग्राम कसावाही की निवासी श्रीमती बरमत बाई गोटी ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को बताया कि नल कनेक्शन लगने से उन्हें बहुत सुविधा हो गई है, सुबह-शाम पर्याप्त पानी आता है। पहले पानी भरने के लिए बहुत परेशान हो रही थी, दूर से पानी लाना पड़ता था, अब अपने घर में ही शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है, इस व्यवस्था से उनके गांव के सभी लोग बहुत खुश हैं।