ICC T20 World Cup 2022: आईसीसी टी20 विश्व कप के अपने दूसरे मुकाबले में भारत (179/2) ने नीदरलैंड (123/9) को 56 रनों से हराया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 179 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 123 रन ही बना पाई। नीदरलैंड टीम की तरफ से सर्वाधिक 20 रन टिम प्रिंगल ने बनाया। भारत के लिए भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और अश्विन को 2-2 विकेट मिले। मोहम्मद शमी के खाते में एक विकेट दर्ज हुआ।
इस जीत के साथ टीम इंडिया सुपर-12 राउंड के ग्रुप-2 में पहले स्थान पर पहुंच गई है। भारत के दो मैचों में दो जीत के साथ चार अंक हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम तीन अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। बांग्लादेश की टीम दो अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। भारत का अगला मुकाबला अब 30 अक्तूबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पर्थ में होगा।
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए कप्तान रोहित, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारी की बदौलत सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में गुरुवार को खेले गए टी20 विश्व कप सुपर 12 मैच में भारत ने नीदरलैंड को 180 रनों का लक्ष्य दिया। विराट ने 44 गेंदों पर 62, सूर्या ने 25 गेंदों पर 51 और रोहित ने 39 गेंदों पर 53 रन बनाए। केएल राहुल नीदरलैंड के खिलाफ भी फ्लॉप रहे। राहुल 12 बॉल में 9 रन बना पाए। उनका विकेट मीकेरेन ने लिया।
रोहित शर्मा ने 39 बॉल में 53 रन की पारी खेली। 4 चौके और 3 छक्के लगाए। रोहित अब भारत के लिए टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 34 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। नीदरलैंड के लिए फ्रेड क्लासेन और पॉल वॉन मीकेरन ने 1-1 विकेट लिया।
180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम को तीसरे ओवर में 11 के स्कोर पर पहला झटका लगा। भुवनेश्वर कुमार ने विक्रमजीत सिंह को क्लीन बोल्ड किया। विक्रम एक रन बना सके। पांचवें ओवर में 20 के स्कोर पर नीदरलैंड को दूसरा झटका लगा। अक्षर पटेल ने मैक्स ओडॉड (16 रन) को क्लीन बोल्ड किया।
10वें ओवर में 47 के स्कोर पर नीदरलैंड को तीसरा झटका लगा। अक्षर पटेल ने बास डीलीड को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। वह 23 गेंदों में 16 रन बना सके। 13वें ओवर में नीदरलैंड को दो-दो झटके लगे। रविचंद्रन अश्विन ने ओवर की पहली गेंद पर कॉलिन एकरमैन को अक्षर के हाथों कैच कराया। एकरमैन 21 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। अश्विन ने ओवर की चौथी गेंद पर टॉम कूपर को दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया।
16वें ओवर में नीदरलैंड को छठा झटका लगा। शमी ने टिम प्रिंगल को कोहली के हाथों कैच कराया। प्रिंगल 15 गेंदों में 20 रन बना सके। इसके बाद 17वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स को हुड्डा के हाथों कैच कराया और नीदरलैंड को सातवां झटका दिया। एडवर्ड्स पांच रन बना सके। 18वें ओवर में में भी नीदरलैंड को दो विकेट गिरे| दोनों विकेट अर्शदीप सिंह ने लिया| अर्शदीप सिंह ने ओवर की 5वीं गेंद पर लोगान वैन बीकी (3 रन) और आखिरी गेंद पर फ्रेड क्लासेन का विकेट लिया| भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद शमी को एक विकेट मिला।