ICC T20 World Cup 2022: आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 12 के ग्रुप-1 के मुकाबले में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 65 रन से हरा दिया है। मध्य क्रम के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स (104) के शानदार शतक के दम पर न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को टी20 विश्व कप के सुपर 12 के ग्रुप एक मुकाबले में शनिवार को एकतरफा अंदाज में 65 रन से पीट दिया।
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका को 168 रनों का लक्ष्य दिया था जिसका पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम 19.2 ओवर में 102 रन बनाकर ही ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड के 5 अंक हो गए हैं और वह अपने ग्रुप में नंबर-1 पर है। वहीं, श्रीलंका की टीम के सिर्फ 2 अंक है | श्रीलंका की लगभग सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई है।
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मैच में टॉस जीतकर कीवी कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया| मध्य क्रम के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स (104) के शानदार शतक के दम पर न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 विश्व कप के सुपर 12 के ग्रुप एक मुकाबले में 20 ओवर में सात विकेट पर 167 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया।
ग्लेन फिलिप्स ने 64 गेंदों में 104 रन की पारी खेली। वहीं, इस टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेल रहे डेरिल मिशेल ने 22 रन बनाए। श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट कसून रजिथा ने लिए। वहीं, महेश तीक्ष्णा, धनंजय डी सिल्वा, हसरंगा और लाहिरु कुमारा को एक-एक सफलता मिली।
जवाब में श्रीलंका की टीम 19.2 ओवर में 102 रन बनाकर ही ऑलआउट हो गई। श्रीलंका के नौ बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। सातवें ओवर तक श्रीलंका ने 24 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। पाथुम निसांका और धनंजय डी सिल्वा तो खाता भी नहीं खोल सके। कुसल मेंडिस चार रन बनाकर आउट हुए। चरिथ असलंका 4 रन और चमिका करुणारत्ने तीन रन बनाकर आउट हुए।
भानुका राजपक्षे 22 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में राजपक्षे ने तीन चौके और दो छक्के लगाए। वनिंदु हसरंगा 4रन और महेश तीक्ष्णा शून्य पर आउट हुए। कप्तान दसुन शनाका 32 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ईश सोढ़ी ने लाहिरू कुमारा को आउट कर श्रीलंका की पारी को 102 रन पर समेट दिया। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं, मिचेल सैंटनर ने 2 विकेट लिए। टिम साउदी, ईश सोढ़ी और लॉकी फर्ग्युसन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे, फिन एलन, केन विलियमसन (कप्तान), ग्लेन फिलिप्स, जेम्स नीशम, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, लॉकी फर्ग्युसन और ट्रेंट बोल्ट।
श्रीलंका: पथुम निसानका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), धनंजय डी सिल्वा, चरित असलंका, भानुका राजपक्षे, दासुन शनाका (कप्तान), वानिंदु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, लाहिरु कुमारा, महेश तीक्ष्णा और कसून रजिथा।