कोलकाता:भारत ने तीसरे T-20 में वेस्टइंडीज को 17 रन से हराकर तीन मैचों की T-20 सीरीज में 3-0 से जीत हासिल की। भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले गए तीसरे और आखिरी टी-20 मैच में मेजबान ने मेहमान टीम को 17 रन से हराकर 3 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप कर लिया है। वेस्टइंडीज के सामने 185 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में मेहमान टीम में 167/9 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। निकोलस पूरन (61) टॉप स्कोरर रहे। भारत की ओर से हर्षल पटेल और शार्दूल ठाकुर ने 3-3 विकेट चटकाए। रोहित ब्रिगेड ने इससे पहले 3 मैचों की वनडे सीरीज के भी सभी मुकाबले जीते थे।
इससे पहले टीम इंडिया ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 184/5 का स्कोर बनाया था। सूर्यकुमार यादव (65) टॉप स्कोरर रहे, जबकि वेंकटेश अय्यर ने 35 रन की नाबाद पारी खेली। वेस्टइंडीज की ओर के जेसन होल्डर, रोस्टन चेज, हेडन वॉल्श, रोमारियो शेफर्ड और डोमिनिक ड्रेक्स ने 1-1 विकेट लिया|
टारगेट का पीछा करते हुए WI की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में काइल मेयर्स (6) दीपक चाहर को अपना विकेट दे बैठे। ये सफलता भारत को DRS पर मिली। दरअसल, भारतीय टीम ने कीपर कैच की अपील की थी, लेकिन अंपायर ने उसे नकार दिया। इसके बाद रोहित ने रिव्यू लिया। रीप्ले में नजर आया कि गेंद मेयर्स के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए कीपर ईशान किशन के हाथों में गई थी।
चाहर ने अपने अगले ही ओवर में शाई होप (8) को आउट कर WI को दूसरा झटका पहुंचाया। इसके बाद निकोलस पूरन और रोवमैन पॉवेल ने तेजी से सिर्फ 25 गेंदों पर 47 रन जोड़कर विंडीज को मैच में वापस ला खड़ा किया। इस साझेदारी पर ब्रेक हर्षल पटेल ने पॉवेल (25) को आउट कर लगाया। वेंकटेश अय्यर ने कीरोन पोलार्ड (5) को आउट कर मेहमान टीम को बड़ा झटका पहुंचाया।
वेंकटेश ने अपने अगले ओवर में जेसन होल्डर (2) को आउट कर मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। रोस्टन चेस (12) का विकेट हर्षल पटेल के खाते में आया। इसके बाद 7वें विकेट के लिए निकोलस पूरन और रोमारियो शेफर्ड ने 25 गेंदों में ताबड़तोड़ 48 रन जोड़कर मैच को रोमांचक बना दिया। पूरन (61) का विकेट लेकर शार्दूल ने भारत की वापसी कराई। रोमारियो शेफर्ड (29) को हर्षल ने आउट कर भारतीय टीम की जीत पक्की कर दी।
पहले बैटिंग करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और तीसरे ही ओवर में ऋतुराज गायकवाड 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों पर 53 रन जोड़े। इस पार्टनरशिप को हेडन वॉल्श ने श्रेयस (25) को आउट कर तोड़ा। अगले ही ओवर में रोस्टन चेज ने ईशान (34) को बोल्ड कर WI की तीसरी कामयाबी दिलाई।
रोहित शर्मा इस मैच में नंबर 4 पर बैटिंग करने के लिए, लेकिन 15 गेंदों में केवल 7 रन बनाकर आउट हो गए। हिटमैन को डोमिनिक ड्रेक्स ने बोल्ड किया। 5वें विकेट के लिए सूर्यकुमार यादव और वेंकटेश अय्यर ने शानदार बैटिंग करते हुए 37 गेंदों पर 91 रन जोड़े। सूर्या ने कमाल की पारी खेलते हुए करियर के सर्वश्रेष्ठ 65 रनों की पारी खेली। वहीं, वेंकटेश 19 गेंदों पर 35 रन बनाकर नाबाद रहे। आखिरी 30 गेंदों पर भारत ने 86 रन बने।
भारत 6 साल के लंबे इंतजार के बाद ICC टी-20 रैंकिंग में पहले पायदान पर पहुंचा है। इससे पहले टीम 3 मई 2016 को टी-20 रैंकिंग में नंबर 1 बनी थी। उस समय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी थे। धोनी के बाद रोहित ने टीम को पहले स्थान पर पहुंचाया। एमएस धोनी के बाद विराट कोहली को टीम का कप्तान बनाया गया था, लेकिन वह अपनी लीडरशिप में टीम को नंबर-1 नहीं बना सके।
दोनों टीमें इस प्रकार है-
भारत (प्लेइंग इलेवन): ऋतुराज गायकवाड, ईशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा (कप्तान), श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, वेंकटेश अय्यर, दीपक चाहर, शार्दूल ठाकुर, हर्षल पटेल, रवि बिश्नोई, आवेश खान।
वेस्टइंडीज (प्लेइंग इलेवन): काइल मेयर्स, शाई होप, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, कीरोन पोलार्ड (कप्तान), जेसन होल्डर, रोस्टन चेज, रोमारियो शेफर्ड, डोमिनिक ड्रेक्स, फैबियन एलन, हेडन वॉल्श।