सेंचुरियन: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में खेला गया पहला टेस्ट टीम इंडिया ने 113 रन से जीत लिया है। अफ्रीका के सामने 305 रनों का टारगेट था। इसके जवाब में टीम 191 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। भारत की सेंचुरियन के मैदान पर ये पहली टेस्ट जीत है। जीत के साथ ही विराट एंड कंपनी ने 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सेंचुरियन 56वां ऐसा मैदान बना, जहां टीम इंडिया ने कोई टेस्ट मैच जीता हो। इसके साथ ही भारत ने सबसे ज्यादा ग्राउंड पर टेस्ट जीतने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
चौथी पारी में साउथ अफ्रीका के लिए कप्तान डीन एल्गर (77 रन) टॉप स्कोरर रहे। वहीं, भारत की ओर से मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने 3-3 विकेट चटकाए। मोहम्मद सिराज और रविचंद्रन अश्विन के खाते में भी दो-दो विकेट आए। टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शमी ने कुल मिलाकर 8 विकेट हासिल किए।
इस मैच में भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 174 रन बनाए थे। विकेटकीपर ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 34 रन बनाए थे। वहीं राहुल ने 23 और रहाणे ने 20 रन की पारी खेली थी। अफ्रीका के लिए कगिसो रबादा और मार्को जानेसन ने चार-चार विकेट लिए थे। वहीं दो विकेट लुंगी एनगिडी के नाम रहे थे। इसके जवाब में अफ्रीकी टीम 191 रन ही बना पाई और 113 रन से यह मैच हार गई। दूसरी पारी में अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने 77 रन बनाए । उनके अलावा टेम्बा बावुमा ने 35 और क्विंटन डिकॉक ने 21 रन बनाए।
भारत की पहली पारी 327 रन
इस मैच में भारत ने शानदार शुरुआत की थी और पहली पारी में 327 रन बनाए थे। भारत के सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने 123 और मयंक अग्रवाल ने 60 रन बनाए थे। इनके अलावा रहाणे ने 48 और कोहली ने 35 रन की पारी खेली थी। अफ्रीका के लिए लुंगी एनगिडी ने छह और कगिसो रबादा ने तीन विकेट लिए। वहीं एक विकेट मार्को जानेसन के नाम रहा। पहली पारी में भारत ने पहले दिन तीन विकेट पर 272 रन बना लिए थे। हालांकि दूसरा दिन बारिश की भेंट चढ़ गया और तीसरे दिन भारतीय टीम 327 रनों पर आउट हो गई।
शमी के सामने ढेर हुई अफ्रीकी टीम
भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने पहली पारी में पांच विकेट निकाले और अफ्रीकी बल्लेबाजों को राहत की सांस नहीं लेने दी। अफ्रीका के लिए टेम्बा बावुमा ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए। उनके अलावा विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक ने 34 और कगिसो रबादा ने 25 रन की पारी खेली। भारत के लिए शमी के पांच विकेट के अलावा शार्दुल ठाकुर और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट लिए। एक विकेट सिराज के नाम रहा।
दूसरी पारी में भारत ने बनाए सिर्फ 174 रन
दूसरी पारी में भारतीय टीम 174 रनों के स्कोर पर ऑलआउट हुई। विकेटकीपर ऋषभ पंत 34 रनों के साथ टॉप स्कोरर रहे। वहीं, अफ्रीका के लिए तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा और मार्को जेन्सन ने चार-चार विकेट चटकाए।