देहरादून: पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उत्तराखंड राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके साथ आठ मंत्रियों ने भी शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, धन सिंह रावत को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद रहे। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा और गोवा के मनोनीत मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत , उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पुष्कर सिंह धामी ने कहा,''यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा। जो भी हमने संकल्प लिए हैं, उसपर आज से ही हमारी सरकार काम करना शुरू करेगी। हम कल कैबिनेट की पहली बैठक करेंगे। उसके जरिए हम बहुत सारी जानकारी देंगे|
देहरादून में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा,''मैं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पूरी टीम को अपनी ओर से बधाई देता हूं। मैं पूरी तरह से आश्वस्त हूं कि उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनका यह मंत्रिमंडल कामयाब होगा|
मध्य प्रदेश CM शिवराज सिंह चौहान ने कहा,''पुष्कर सिंह धामी युवा और ऊर्जावान मंत्री हैं। अल्प कार्यकाल में ही उन्होंने उत्तराखंड का जिस तरह से विकास किया वो अद्भुत था। उत्तराखंड की जनता ने BJP और धामी जी को अपना आशीर्वाद दिया, उनके नेतृत्व में उत्तराखंड नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा|