देहरादून: उत्तराखंड पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में बेरोजगार संघ ने शुक्रवार को उत्तराखंड बंद का आह्वान किया है। जिला प्रशासन ने दून शहर में निषेधाज्ञा धारा 144 लागू कर दी है। एई-जेई, लोक सेवा आयोग और उत्तराखंड अधीनस्थ चयन सेवा आयोग समेत कई भर्ती घोटालों की CBI जांच की मांग को लेकर आंदोलित छात्रों और पुलिस के बीच कल गुरुवार को हुई झड़प के विरोध में छात्रों ने देहरादून में कचहरी के बाहर धरना प्रदर्शन किया|गढ़वाल रेंज IG के. एस. नागन्याल ने बताया, "अधिकतर बच्चे अंदर हैं और कुछ बाहर हैं। हम बाहर बैठे बच्चों को हटा रहे हैं। शहर में क़ानून व्यवस्था नियंत्रण में हैं।"
बेरोजगार युवाओं/छात्रों पर लाठीचार्ज और गिरफ़्तारी को लेकर आज उत्तराखंड के पूर्व CM हरीश रावत ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता भी धरने में शामिल रहे। प्रदर्शन के दौरान हरीश रावत की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने एंबुलेंस में उनकी जांच की।
उत्तराखंड भर्ती घोटालों को लेकर बेरोजगार युवाओं ने कल गुरुवार को अपनी मांगों को लेकर देहरादून के मुख्य राजपुर रोड पर प्रदर्शन करते हुए जोरदार नारेबाजी की थी| इस दौरान पुलिस ने बेरोजगार युवाओं पर लाठीचार्ज भी किया| लाठीचार्ज में कई युवा घायल हो गये थे| बाद में आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों (छात्रों) को पुलिस ने हिरासत में लिया था|
बेरोजगार युवाओं/छात्रों के आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन ने परेड ग्राउंड की 300 मीटर की परिधि में धारा 144 (निषेधाज्ञा) लगा दी है। यह शुक्रवार शाम तक जारी रहेगी। इस परिधि में पांच या उससे अधिक लोगों के जमाव पर रोक रहेगी। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
लाठीचार्ज को लेकर धामी ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शुक्रवार को मुख्य सचिव को कानून व्यवस्था की स्थिति और लाठीचार्ज के पूरे क्रम की विस्तृत मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच के बाद विस्तृत जांच रिपोर्ट सरकार को उपलब्ध कराई जाएगी।
नौजवानों पर हो रहा अत्याचार हम नहीं सहेंगे: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत
छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि ,“हर जोर जुल्म की टक्कर में, संघर्ष हमारा नारा है। जो हमसे टकराएगा, चूर-चूर हो जाएगा।नौजवानों पर हो रहा अत्याचार हम नहीं सहेंगे,
हरीश रावत ने कहा कि ,“भाजपा सरकार द्वारा बेरोजगार नौजवान बच्चों पर बर्बरता पूर्ण तरीके से लाठीचार्ज के विरोध में पुलिस मुख्यालय घेराव के दौरान पुलिस द्वारा हमें गिरफ्तार कर ले जाया जा रहा है।
युवाओं पर पुलिस लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी का भाजपा सरकार पर हमला
भर्ती घोटालों की CBI जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर हमला बोला था|| राहुल गांधी ने कहा था कि, “उत्तराखंड में भाजपा सरकार का भ्रष्टाचार युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर रहा है। पेपर लीक होने से त्रस्त युवा जब अपनी जायज़ मांगों को ले कर सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन करने बैठे, तो उन पर भाजपा सरकार बर्बरता से लाठी चार्ज करवा रही है।
राहुल गांधी ने कहा, “भारत जोड़ो यात्रा में मैंने युवाओं की चिंता सुनी है और मैं सरकार को बार बार आगाह कर रहा हूं कि देश के युवाओं पर बेरोज़गारी का गहरा संकट है। विद्यार्थियों से मेरा अनुरोध है वो सत्य को आधार बना कर प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखें। सरकार भी ज़िम्मेदारी से कदम उठाए और क्रूरता छोड़ कर उनकी मांगों को सुने।
छात्रों पर दुर्भाग्यपूर्ण लाठीचार्ज: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि ,“छात्र एक मजबूत परीक्षा प्रणाली की मांग कर रहे हैं। बीजेपी सरकार के कारण पहले से ही नौकरियों की कमी है, फिर पेपर लीक और रद्द हो जाता है। जब छात्र विरोध कर रहे थे तो उन पर लाठीचार्ज किया गया जो दुर्भाग्यपूर्ण है। सीएम को युवाओं से बात करनी चाहिए|
सरकार का युवाओं के प्रति दमनकारी रवैया जारी: करण महरा
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण महरा ने कहा कि, “कमजोर, निहत्थे बेरोजगार युवाओं के ऊपर पुलिस और आरएसएस के कार्यकर्ताओं द्वारा बर्बरता पूर्ण लाठीचार्ज, पथराव किया गया है यह पूर्ण रूप से निंदनीय है| मुख्यमंत्री जी से अपील है कि इस परीक्षा को तत्काल रद्द करें और युवाओं पर हुई बर्बरता पूर्ण कार्रवाई के लिए भाजपा को माफी मांगनी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण महरा ने आज शुक्रवार को कहा कि, “सरकार का युवाओं के प्रति दमनकारी रवैया जारी है | युवाओं पर लाठीचार्ज और पथराव यह पूर्णता निंदनीय है, धारा 144 लगाकर बेरोजगारों की आवाज को दबाया जा रहा है, उनकी की मांग जायज है, जांच होने तक परीक्षाएं न ली जाए, भर्ती घोटाले की जांच CBI अथवा हाईकोर्ट के जज की देखरेख में कराई जानी चाहिए।
युवाओं पर अत्याचार बंद होना चाहिए
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि, “पेपर लीक उत्तराखंड में रोजगार की चाह रखने वाले युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रहा है। परीक्षा माफिया और भ्रष्टाचारियों को खुली छूट है। लेकिन इसके ख़िलाफ़ आवाज़ उठा रहे युवाओं पर क्रूरतापूर्ण लाठी चार्ज किया जा रहा है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि, “उत्तराखंड की भाजपा सरकार युवाओं के प्रति इतनी क्रूर क्यों है? क्या भर्तियों में पेपर लीक के सवाल को उठाना अपराध है? भाजपा सरकार पेपर लीक रोकने को लेकर सुस्त और युवाओं पर हमला करने के लिए चुस्त रहती है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि, “युवाओं पर अत्याचार बंद होना चाहिए।
सभी परीक्षाएं पारदर्शी और निष्पक्ष होगी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
ग्रामीण विज्ञान कांग्रेस 2023 के उद्घाटन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शुक्रवार को कहा कि, हर कीमत पर हम छात्रों का हित चाहते हैं इसलिए हमने सभी परीक्षाओं की नई तिथि जारी की है। नई तिथि की घोषणा के साथ ही परिवहन निगम की बसों में परीक्षा वाले दिन छात्रों की यात्रा निशुल्क की है। सभी परीक्षाएं पारदर्शी और निष्पक्ष होगी| हमने तय किया है कि उत्तराखण्ड में सबसे सख़्त नक़ल विरोधी क़ानून लागू किया जाए। इस हेतु सख़्त नक़ल विरोधी कानून का अध्यादेश हमने कल राजभवन भेज दिया है, जल्द ही यह लागू हो जाएगा|