नई दिल्ली: पश्चिम दिल्ली से भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने मुसलमानों को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने दिल्ली में हुई विश्व हिंदू परिषद की 'आक्रोश सभा' के दौरान जनता से मुसलमानों के बहिष्कार की अपील की। इस मौके पर कई और नेताओं ने भी विवादित बयान दिए। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा शाहदरा जिले के दिलशाद गार्डन इलाके में रैली आयोजित करने के एक दिन बाद (10 अक्टूबर 2022 को) दिल्ली पुलिस ने रैली आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दिल्ली में रविवार को (9 अक्टूबर 2022 को) विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने एक हिंदू युवक की हत्या के विरोध में 'विराट हिंदू सभा' का आयोजन किया था| इस सभा में बीजेपी के सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा, "ये रेहड़ियां लगा रहे हैं, इनकी रेहड़ी से सब्जी खरीदने की जरूरत नहीं है| ये मांस-मच्छी की दुकान खोलते हैं, वहां पर MCD को बोलकर जिनके पास लाइसेंस नहीं है उनको बंद कराने की जरूरत है| ये लोग रेस्तरां खोलते हैं, इनका संपूर्ण बहिष्कार होना चाहिए|
बीजेपी सांसद ने आगे कहा, "जहां-जहां ये आपको दिखाई दे, मैं कहता हूं अगर इनका दिमाग ठीक करना है, इनकी तबीयत ठीक करनी है, तो एक ही इलाज है वह है संपूर्ण बहिष्कार| बीजेपी सांसद के सामने बैठी भीड़ भी उनकी बातों को दोहराती है| संपूर्ण बहिष्कार की बात को दोहराती है| भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है|
वीडियो सामने के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजकों पर बिना अनुमति के कार्यक्रम करने के आरोप में मामला दर्ज किया है| दिल्ली पुलिस ने कहा कि,' पुलिस से अनुमति न लेने के लिए भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत प्रख्यापित आदेश की अवज्ञा) के तहत आयोजकों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है|
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक ,'VHP प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि यह हास्यास्पद है कि पुलिस कह रही है कि कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं ली गई थी, क्योंकि कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों सहित हजारों लोग मौजूद थे| बंसल ने दावा किया कि अनुमति की तो छोड़िए, हमने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सुझाव और सिफारिश के बाद दिलशाद गार्डन में रामलीला मैदान को आयोजन स्थल के लिए तय किया था|
वहीं,AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा सांसद के बयान का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, " भाजपा-RSS का सांसद देश के राजधानी में, खुली सभा में मुसलमानों का बहिष्कार करने की शपथ ले रहा है। RSS के मोहन ने कहा था कि मुसलमानों में झूठा डर फैलाया जा रहा है।सच तो यही है कि BJP ने मुसलमानों के खिलाफ़ जंग का आगाज़ कर दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और अमित शाह ने चुप्पी साध ली है|
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा,'संविधान के अनुच्छेद 17 के तहत छुआछूत का अंत किया गया था। और उसका किसी भी रूप में आचरण निषिद्ध किया गया था। अगर देश की राजधानी में सत्ताधारी पार्टी के सांसद ऐसा कर सकता है तो फिर संविधान की value क्या है?