नई दिल्ली: दिल्ली के राजा पार्क पीएस से अगवा चार वर्षीय एक बच्ची को उत्तर प्रदेश में सकुशल बरामद करते हुए उसके अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान 39 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है, जो पेशे से चालक है। रविवार को पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के बागपत जिला स्थित उसके गांव से गिरफ्तार किया।
दिल्ली के डीसीपी अमित शर्मा ने कहा,''राजा पार्क पीएस में एक लड़की का अपहरण हुआ था। कार्रवाई करते हुए खोजबीन की गई। सीसीटीवी के माध्यम से आरोपी का पता लगाया गया और पता चला कि वह लड़की को उत्तर प्रदेश के बागपत के एक गांव में छोड़ कर अपने पैतृक स्थान बागपत के धनौरा चला गया|
अमित शर्मा ने कहा,''24 घंटे के भीतर लड़की को खोज लिया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कोई चोट नहीं आई है। आरोपी शराबी है और पहले भी अपने बच्चों को खो चुका है|
उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी सुनील ने नौ सितंबर को बाहरी दिल्ली के राज पार्क इलाके में एक इमारत की दूसरी मंजिल पर स्थित घर से बच्ची का कथित तौर पर अपहरण कर लिया था।
पुलिस ने कहा, ‘‘नौ सितंबर को जब सुनील काम से लौट रहा था तो उसने बच्ची को खेलते हुए देखा ... और उसका अपहरण कर लिया। फिर, वह उसे अपने पैतृक गांव बागपत ले गया।’’पुलिस के मुताबिक, सुनील एक बच्चा चाहता था और इसी वजह से उसने लड़की का अपहरण कर लिया।