नई दिल्ली: फैक्ट-चेकिंग वेबसाइट ऑल्ट न्यूज़ के सह-संस्थापक व पत्रकार मोहम्मद जुबैर को दिल्ली पुलिस ने आईपीसी की धारा 153/295 के तहत गिरफ़्तार किया। AltNews के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर को दिल्ली पुलिस ने सोमवार को धार्मिक भावनाओं को आहत करने और वैमनस्य को बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया है
आज मोहम्मद जुबैर के खिलाफ आईपीसी की धारा 153A/295A के तहत दर्ज़ एक मामले की जांच के दौरान, वे जांच में शामिल हुए। रिकॉर्ड पर पर्याप्त सबूत होने के चलते उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया। उनके रिमांड की मांग के लिए उन्हें ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जा रहा है।
AltNews के सह संस्थापक प्रतीक सिन्हा ने कहा कि,''मेडिकल जांच के बाद जुबैर को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है। न तो जुबैर के वकीलों को बताया जा रहा है और न ही मुझे बताया जा रहा है। हम उसके साथ पुलिस वैन में हैं। कोई भी पुलिस वाला कोई नाम का टैग नहीं लगा रहा है।
इससे पहले प्रतीक सिन्हा ने कहा कि,''जुबैर को आज दिल्ली के विशेष सेल ने 2020 के एक मामले में जांच के लिए बुलाया था, जिसके लिए उन्हें पहले से ही उच्च न्यायालय से गिरफ्तारी से सुरक्षा मिली हुई थी।
सिन्हा ने कहा कि,''हालाँकि, आज शाम लगभग 6.45 बजे हमें बताया गया कि उन्हें किसी अन्य प्राथमिकी में गिरफ्तार किया गया है, जिसके लिए कोई नोटिस नहीं दिया गया था, जो उन धाराओं के लिए अनिवार्य है जिनके तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया है। बार-बार अनुरोध के बावजूद हमें एफआईआर की कॉपी नहीं दी जा रही है|