नई दिल्ली: दिल्ली के भलस्वा लैंडफिल साइट में मंगलवार शाम को भीषण आग लग गई। भलस्वा लैंडफिल साइट पर लगी आग की लपटें इतनी ज्यादा है कि बाहरी रिंग रोड से गुजरने वाले लोगों को भी गर्मी महसूस हो रही है। दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग बुझाने की कोशिश में लगी है| राजधानी दिल्ली में मंगलवार को आग की ये चौथी घटना है|
दिल्ली अग्निशमन सेवा में सहायक मंडल अधिकारी सी.एल. मीणा ने बताया कि शुरुआत में सिर्फ धुआं था लेकिन आग नहीं लगी थी। हवा चलने से आग ज़्यादा फैली। दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। हमारी प्राथमिकता आग को रिहायशी इलाकों में फैलने से रोकना है। हमारे लोग ऊपर से भी आग पर काबू पाने में लगे हैं|
सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन के पास आग लग गई
मंगलवार दोपहर बाद करीब 4 बजे नॉर्थ दिल्ली के सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन के पास आग लग गई| यहां नॉर्दन रेलवे के सिग्नल और टेलीकॉम बिल्डिंग में जबरदस्त आग लगी थी| आग से काला धुआं कई किलोमीटर तक फैल गया| आसपास के लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत होने लगी| आग इतनी विकराल थी कि दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर बुझाने के लिए पहुंचीं|
लाजपतनगर और गीता कॉलोनी में भी आग की घटना
मंगलवार को ही लाजपत नगर इलाके की अमर कॉलोनी में आग लग गई। दिल्ली फायर सर्विस मंडल अधिकारी (सहायक) राजेश ने बताया कि,''लग रहा है कि दुकान के आगे लगे साइन बोर्ड से आग शुरू हुई और धीरे-धीरे घरों के अंदर तक पहुंच गई। सही समय पर आग को काबू कर लिया गया। लोग पहले ही निकल गए थे। फायर टेंडर की 10-11 गाड़ियां मौके पर हैं|
दिल्ली फायर सर्विस ने बताया कि मंगलवार दोपहर लाजपत नगर की अमर कॉलोनी में एक इमारत में आग लग गई। एक दुकान से आग फैलकर दूसरी इमारतों में भी पहुंच गई है। आग बुझाने के लिए मौके पर 10 गाड़ियां भेजी गई हैं।