नई दिल्ली: कोरोना के बढ़ते मामले पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा,''दिल्ली में कोरोना के मामले बहुत तेज़ी से बढ़ रहे हैं। यह एक चिंता का विषय तो है लेकिन घबराने की बात नहीं है। पिछली लहर के मुकाबले इस बार की कोविड लहर में मृत्यु कम हो रही है और लोगों को अस्पताल जाने की ज़रूरत भी कम पड़ रही है|
उन्होंने कहा,'' अभी हमारा दिल्ली में लॉकडाउन लगाने की कोई मंशा नहीं है। कल DDMA की दोबारा मीटिंग है, उस मीटिंग में हम विशेषज्ञों के साथ फिर से स्थिति का जायज़ा लेंगे कि और क्या-क्या करने की ज़रुरत है। केंद्र से भी हमें पूरा सहयोग मिल रहा है|
केजरीवाल ने कहा,' "क्या दिल्ली में Lockdown लगेगा? अगर आप Mask पहनेंगे, Social Distancing Follow करेंगे तो लॉकडाउन नहीं लगेगा!"
उन्होंने कहा कि कई लोग लॉकडाउन को लेकर पूछते हैं| हम लॉकडाउन नहीं लगाना चाहते हैं| लॉकडाउन लगाने की हमारी कोई मंशा नहीं है| कम से कम पाबंदियां लगाना चाहते हैं| पिछली बार की लहर से हमने पार पा लिया और इस बार पर हम जरूर इससे पार पा लेंगे| जिन्होंने वैक्सीन नही लगायी है वो जरूर वैक्सीन लगा लें| जिनको कोरोना हुआ है उनको घबराने की जरूरत नहीं है| ये Mild कोरोना है| इसमें जान का खतरा नहीं होगा, अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी|
आज दिल्ली में लगभग 22000 कोरोना के मामले आएंगे
उन्होंने कहा कि कल लगभग 20000 नए मामले आए थे| आज लगभग 22000 आएंगे| कोरोना के मामले बहुत तेजी से मामले बढ़ रहे हैं| यह एक चिंता का विषय है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है| पिछली जो लहर अप्रैल-मई में आई थी, उसमें 7 मई को रोजाना इतने ही मामले आ रहे थे|