नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस को फैक्ट-चेकिंग वेबसाइट ऑल्ट न्यूज़ के सह-संस्थापक व पत्रकार मोहम्मद जुबैर का 4 दिन का रिमांड मिला है। जुबैर को दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में गिरफ़्तार किया था। उन्हें आज पटियाला हाउस कोर्ट के मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया था।
खबरों के मुताबिक, फैक्ट-चेकिंग वेबसाइट ऑल्ट न्यूज़ के सह-संस्थापक जुबैर को 2018 के एक ट्वीट के आधार पर धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था| उन्हें मंगलवार को पटियाला कोर्ट में पेश किया गया| जहां से चार दिन की रिमांड पर उन्हें भेजा गया है|
सांप्रदायिक सद्भाव के लिए हानिकारक था ट्वीट: दिल्ली पुलिस
मोहम्मद जुबैर की गिरफ़्तारी पर दिल्ली पुलिस के IFSO के DCP के. पी. एस. मल्होत्रा ने कहा,''हमें किसी ने जुबैर के एक ट्वीट पर टैग किया था जिसमें लोगों ने द्वेषपूर्ण भाषा का उपयोग किया था, यह सांप्रदायिक सद्भाव के लिए हानिकारक था। हमने इस आधार पर मामला दर्ज़ किया। इनसे जब जानकारी मांगी तो वे इससे भाग रहे थे| इस मामले में हमें इनके फोन की ज़रूरत थी लेकिन इन्होंने फोन को फॉर्मेट किया हुआ था इसी आधार पर हमने इनको गिरफ़्तार किया।
ट्वीट काफी पूराना होने से फर्क नहीं पड़ता: दिल्ली पुलिस
अगर आप किसी ट्वीट को रीट्वीट करते हैं तो वे आपका विचार है। आप यह नहीं कह सकते कि उसमें क्या था, उससे होने वाली प्रतिक्रिया भी आपकी ज़िम्मेदारी है| ट्वीट काफी पूराना होने से फर्क नहीं पड़ता क्योंकि आपको सिर्फ उसे रीट्वीट कर किसी को टैग कर देना है और वह नया बन जाता है|