उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर में 10 दिन पहले नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने वाले एक शख्स का मर्डर कर दिया गया। हमलावर मंगलवार को दिनदहाड़े उसकी दुकान में घुसे और तलवार से कई वार किए और उसका गला काट दिया। इस पूरे हमले का वीडियो भी बनाया। इतना ही नहीं आरोपियों ने घटना के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी ली है।
सूचना पर धानमंडी समेत घंटाघर और सूरजपोल थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस के आला अधिकारी और FSL टीम मौके पर है। उधर उदयपुर हत्याकांड के बाद लोगों ने सड़कों पर आकर अपना विरोध दर्ज़ कराया। घटना के बाद मालदास बाजार में दुकानें बंद कर दी गई हैं। मृतक के परिवार वालों ने सरकार से 50 लाख रुपए और सरकारी नौकरी की डिमांड की है।
कन्हैयालाल तेली की धानमंडी स्थित भूतमहल के पास सुप्रीम टेलर्स नाम से दुकान है। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बाइक सवार 2 बदमाश आए। कपड़े का नाप देने का बहाना बनाकर दुकान में घुसे। कन्हैयालाल कुछ समझ पाते तब तक बदमाशों ने हमला बोल दिया। उन पर तलवार से कई हमले किए। मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
उदयपुर के एसपी मनोज कुमार ने कहा,''नृशंस हत्या हुई है। जैसे ही सूचना मिली पुलिस को तैनात कर दिया गया है। अपराधियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ आरोपियों की पहचान हुई है, हमने टीमें भेजी है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है उसे भी हमने देखा है|
कलेक्टर तारा चंद मीणा ने कहा,'अपराधी की कोई जाति नहीं होती है। क़ानून अपना काम कर रहा है और आरोपियों के ख़िलाफ़ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। पीड़ित परिवार को यथासंभव सहायता प्रदान की जाएगी। जो प्रावधान हैं उसके अंतर्गत कार्रवाई होगी|
वीडियो वायरल होने से मामला और ज्यादा संवेदनशील
राजस्थान के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर हवा सिंह घुमरिया ने कहा,''ये जनमानस को उद्वेलित करने वाली घटना है। वीडियो वायरल होने से मामले और ज्यादा संवेदनशील हो गया है। पूरे राज्य को में हमने SPs और IGs को अपने-अपने इलाके में गश्त बढ़ाने, अधिकारियों को ज्यादा से ज्यादा फील्ड में उतारने के लिए कहा है| एक डीआईजी जो वहां काफी रह चुके हैं उन्हें भेजा गया है। अधिकारियों के साथ-साथ करीब 600 की संख्या में पुलिस फोर्स वहां भेजी गई है, रात तक कुछ और फोर्स भी भेजी जाएगी|
युवक की जघन्य हत्या की भर्त्सना करता हूं: शोक गहलोत
राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, उदयपुर में युवक की जघन्य हत्या की भर्त्सना करता हूं। इस घटना में शामिल सभी अपराधियों कठोर कार्रवाई की जाएगी एवं पुलिस अपराध की पूरी तह तक जाएगी। मैं सभी पक्षों से शान्ति बनाए रखने की अपील करता हूं। ऐसे जघन्य अपराध में लिप्त हर व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी|
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा,"मैं सभी से अपील करता हूं कि इस घटना का वीडियो शेयर कर माहौल खराब करने का प्रयास ना करें। वीडियो शेयर करने से अपराधी का समाज में घृणा फैलाने का उद्देश्य सफल होगा|
गुलाब चंद कटारिया ने की CM से बात
राजस्थान विधानसभा नेता प्रतिपक्ष व BJP नेता गुलाब चंद कटारिया ने कहा,"उदयपुर में दोपहर को एक हृदयविदारक और शर्मनाक हत्या हुई है। वीडियो भी वायरल किया गया है। किसी गिरोह के बिना इस प्रकार की हत्या नहीं हो सकती। मेरी SP से, DG से और CM से भी बात हुई है। आरोपियों को जल्द गिरफ़्तार किया जाए|
गुलाब चंद कटारिया ने कहा,'कार्रवाई तो क़ानून की पालना कराने वाले लोगों को करनी है। लेकिन हम इसकी निंदा करते हैं, इस प्रकार की बातें बोलने के बाद भी गिरफ़्तार करके कार्रवाई में विलंब होता है तो इसका मतलब प्रशासन किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने की स्थिति में नहीं है|
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
राजस्थान CM अशोक गहलोत ने कहा,"उदयपुर की ये घटना मामूली घटना नहीं है, ये कल्पना से बाहर है कि कोई व्यक्ति ऐसा भी कर सकता है। हम चाहते हैं कि ऐसे समय में तनाव पैदा न हो, सब मिलकर शांति से रहें। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगी हुई है, जल्द गिरफ़्तारी की जाएगी। कोई कमी नहीं रखेंगे|
इस प्रकार से किसी की हत्या कर देना दुखद और शर्मनाक
अशोक गहलोत ने कहा,'चिंता की बात है। इस प्रकार से किसी की हत्या कर देना दुखद और शर्मनाक है। माहौल ठीक करने की जरूरत है। पूरे देश में तनाव का माहौल बन गया है। मैं बार-बार PM और गृह मंत्री को बोलता हूं कि देश को संबोधित करें| PM को अपील करनी चाहिए कि हम किसी भी कीमत पर हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेंगे। सब प्रेम और भाईचारे से रहें|