नई दिल्ली: दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में आज यानी मंगलवार सुबह जूता-चप्पल की फैक्ट्री में भयंकर आग लग गई। इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो गई है| इस आग की घटना में 18 से अधिक लोग झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है|फिलहाल, आग पर काबू पाने के लिए दमकल की करीब 15 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं| अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है|
दिल्ली पुलिस के मुताबिक,' नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में आग लगने की ख़बर है। दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। कुछ घायल हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है, सभी की हालत स्थिर है और उन्हें मामूली चोटें आई हैं। 2 लोगों की मृत्यु हुई है, उनकी पहचान की जा रही है| हालांकि, मृतक की उम्र 30 से 35 के बीच में बताई जा रही है|
DO दिल्ली फायर ऑफिसर संदीप दुग्गल ने बताया,''यहां पर जुते-चप्पल बनाने का काम होता था। हम अभी मृत्यु का आंकड़ा नहीं बता सकते हैं। मौजूदा स्थिति में 15 गाड़ियां घटनास्थल पर हैं। यहां के एक ठेकेदार के मुताबिक छत के माध्यम से 300 लोग सुरक्षित बाहर निकल आए थे, अभी सर्च ऑपरेशन जारी है| आग के कारण का पता नहीं चल पाया है। अभी कूलिंग में 2-3 घंटे और लगेंगे|
DCP आउटर-नॉर्थ देवेश कुमार महला ने बताया, ''20 लोगों को बचाया गया है, 18 लोग घायल हैं और 2 लोगों की मृत्यु हुई है|
दिल्ली पुलिस ने नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक फुटवियर फैक्ट्री में आग लगने के बाद फैक्ट्री के मालिक के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें दो की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।